भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

दहेज में मांगे पांच लाख रुपए, नहीं मिले तो मंडप छोड़कर भागा दूल्हा

  • पहले ले चुका था दो लाख कैश, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

भोपाल। दहेज लोभी लोग अब भी पैसों की खातिर लड़कियों व उनके परिवार के लोगों को परेशान करने से बाज नहीं आ रहे है। ऐसा ही एक मामला गोविंदपुरा थानाक्षेत्र के नटराज कम्युनिटी हॉल में सामने आया है। कन्या पक्ष के लोगों ने जब पांच लाख रुपए का दहेज देने में अपनी विवशता जताई तो दूल्हा मंडप छोड़कर भाग गया। उसके पीछे-पीछे बारात भी लौट गई। घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस ने दूल्हा और उसके माता-पिता के खिलाफ दहेज एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। महिला थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भेल टाउनशिप में रहने वाली 28 वर्षीय युवती की शादी अवधपुरी इलाके में रहने वाले विजय वहाने से तय हुई थी। विजय और युवती के घर वालों के बीच कई महीनों से चल रही बातचीत के बाद शादी की तारीख 26 नवंबर निश्चित की गई थी। शादी समारोह गोविंदपुरा थाने के पास नटराज कम्युनिटी हॉल में रखा गया। दुल्हा विजय वहाने व उसके परिजन बारात लेकर पहुंचे थे। कन्या पक्ष के लोगों ने पूरी आत्मीयता के साथ बारात का स्वागत किया। शुरूआती रस्मों के बाद वरमाला का कार्यक्रम हुआ। वरमाला के बाद जैसे ही मंडप की रस्में पूरा करने की बारी आई तो दुल्हा विजय वहाने, उसके पिता भीमराव तथा माता यशोधरा ने कन्या पक्ष के सामने दहेज के रूप में पांच लाख रुपए की मांग रख दी। उनका कहना है कि जब पांच लाख रुपए मिल जाएंगे तभी आगे की रस्में पूरी की जाएंगी। कन्या पक्ष के लोगों ने उनको समझाने की बहुत कोशिश की लेकिन वे दहेज की मांग पर अड़े रहे। जब दुल्हन के पिता ने तुरंत ही पांच लाख रुपए देने में असमर्थता जता दी तो दुल्हा व उसके परिजन गुस्सा गए। दहेजलोभी दुल्हा विजय वहाने मंडप छोड़कर चला गया। उसके जाने के बाद विजय के पिता भीमराव व मां यशोधरा बारात लेकर वापस लौट गए। कन्या पक्ष के लोगों ने इस दौरान काफी मिन्नतें कीं लेकिन वर पक्ष के लोग नहीं माने। दहेज के कारण शादी टूटने से दुखी लड़की के परिजनों ने कल थाने पहुंचकर मामले की शिकायत कर दी।

टीका-फलदान के समय लिए थे दो लाख
पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजय वहाने, भीमराव व यशोधरा के खिलाफ दहेज एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपियों की अभी गिर फ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस का दावा है आज आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि विजय वहाने प्राइवेट नौकरी करता है। उसकी शादी पिता ने तय की थी। शादी के पहले ही दहेज की बात हो गई थी। टीका-फलदान के समय कन्या पक्ष से दो लाख रुपए ले लिए गए थे जबकि बाकी पैसे शादी के पहले देने की बात तय हुई थी।

Share:

Next Post

पश्चिम बंगाल : कोयला तस्करी मामले में सीबीआई ने कसी कमर, 30 जगहों पर छापे

Sat Nov 28 , 2020
कोलकाता । पश्चिम बंगाल के कोयलांचल क्षेत्रों में कोयले की चोरी और तस्करी के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने जांच शुरू कर दी है। शनिवार को सीबीआई की टीम ने रानीगंज, दुर्गापुर, कोलकाता, दक्षिण 24 परगना में 30 जगहों पर छापेमारी की है। सीबीआई अधिकारियों की कुल 22 टीमों ने शनिवार की सुबह छापेमारी की। अलग-अलग […]