भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

ट्रक से टकराया बाइक सवार बी.कॉम का छात्र, मौत

  • दोस्त को छोड़कर घर लौटते समय हुआ हादसा

भोपाल। रातीबड़ थाना क्षेत्र में बीती रात एक तेज रफ्तार बाइक मुड़ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में चला रहे बी.कॉम के छात्र की जान चली गई। वहीं बिलखिरिया थाना क्षेत्र में एक वृद्धा को अज्ञात ट्रक ने रौंद दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
एएसआई कर्मवीर सिंह ने बताया कि नील सागर कॉलोनी नीलबड़ निवासी राजेश बंजारा पुत्र बाबूलाल(21) बी.कॉम सेकंड ईयर में पढ़ाई करता था। रायसेन जिले में उसके पास जमीन है, जिस पर खेती किसानी कर आने वाली रकम से छात्र का गुजारा होता था। उसके मां-पिता दोनों की मौत हो चुकी है। उसके अलावा उसके दो छोटे भाई राहुल और जीतेंद्र हैं, दोनों स्कूली छात्र हैं। बीती रात करीब साढ़े ग्यारह बजे वह बाइक से दोस्त को छोड़कर घर लौट रहा था। तभी वह नाथू बरखेड़ा के पास स्थित शूटिंग एकेडमी को जाने वाले रास्ते पर आगे चल रहे एक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया।



हादसे के समय ट्रक मुड़ रहा था। घटना में छात्र के सिर में गंभीर चोट आई थी। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे हमीदिया अस्पताल रेफ र कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है। आज पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसी तरह बिलखिरिया थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने वृद्धा को रौंद दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। हेड कांस्टेबल सुदीप राजपूत ने बताया कि कोकता निवासी पछिया बाई पति प्रभूलाल(70) कबाड़ा बिनने का काम करती थीं। कल सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह घर से कबाड़ा बिनने निकली थी। इसी दौरान कोकता हनुमान मंदिर के पीछे कच्ची रोड पर किसी अज्ञात ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मर्ग कायम कर पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

Share:

Next Post

शिवराज मंत्रिमंडल के विस्तार की फिर अटकलें

Mon Apr 3 , 2023
इसी महीने बड़ी सियासी उठपठक होने की संभावना रामेश्वर धाकड़ भोपाल। प्रदेश में एक बार फिर शिवराज मंत्रिमंडल की अटकलें शुरू हो गई है। इसको लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इसी महीने में निर्णय ले सकते हैं। जिसमें कुछ विधायकों को क्षेत्रीय, जातिगत समीकरणों के आधार पर मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। ऐसे […]