भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

भाजपा में फ्रंटफुट पर रहेंगे बैकफुट पर रहने वाले नेता

  • विशेष संपर्क अभियान में असंतुष्ठ और उपेक्षित नेताओं को मिलेगी तवज्जो

भोपाल। भाजपा में लंबे समय से उपेक्षित और असंतुष्ठ चल रहे नेताओं की पूछपरख बढऩे वाली है। दरअसल पार्टी केंद्र में नरेन्द्र मोदी सरकार के 9 साल पूरा होने पर 30 मई से 30 जून तक विशेष संपर्क अभियान शुरू करने जा रही है। अभियान के तहत सिर्फ केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाएं और उपलब्धियों का प्रचार ही मात्र नहीं होगा, बल्कि पार्टी हासिए पर जा चुके नेताओं के घर जाकर संपर्क साधेेगी। खासकर ऐसे नेता जो खुद को उपेक्षित मान रहे हैं। अभियान के दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी से लेकर मंत्री, विधायक और मुख्यमंत्री तक इन बुजुर्ग नेताओं के घर पहुंचेंगे। इसको लेकर पार्टी की पूरी रणनीति तैयार हो चुकी है।

मप्र भाजपा में पिछले कुछ दिनों से पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारियों ने अलग-अलग वजह से नाराजगी जाहिर की है। ऐसे नेताओं से पार्टी ने संपर्क भी साधा है। बावजूद इसके सोशल मीडिया के जरिए पार्टी नेता बयान दे रहे हैं। अब मप्र भाजपा ने तय किया है कि विशेष जनसंपर्क अभियान में इन नेताओं को अग्रणी भूमिका में रखा जाएगा। अभियान को लेकर उनसे मार्गदर्शन भी लिया जाएगा। 30 मई से शुरू होने जा रहे अभियान में उन्हें शामिल किया जाएगा। इतना ही नहीं बुजुर्ग नेताओं के घर पार्टी के नेता भी पहुंचेंगे और उनसे अभियान में सक्रियता से भागीदारी करने का आग्रह भी किया जाएगा। पार्टी नेताओं का मानना है कि इससे वरिष्ठ नेताओं से संपर्क भी होगा और उनका मान-सम्मान भी बढ़ेगा।


ऐसा रहेगा एक महीने का कार्यक्रम
पार्टी ने विशेष संपर्क अभियान के लिए जिम्मेदारी तय कर दी है। हर मोर्चा, प्रकोष्ठ को दायित्व सौंप दिए गए हैं। अभियान के तहत हर वर्ग को जोड़ा जाएगा और उनके बीच पहुंचा जाएगा। 20 से 30 जून तक घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान हर संसदीय क्षेत्र में बड़े-बड़े आयोजन भी होंगे।

एक महीने क्षेत्र से बाहर नहीं निकलेंगे सांसद
प्रदेश में भाजपा के 29 में से 28 सांसद हैं। ये सभी सांसद पूरे संपर्क अभियान के दौरान अपने क्षेत्र में ही रहेंगे। रात्रि विश्राम से लेकर संगठन के कार्यक्रम क्षेत्र में ही करेंगे। विशेष कारण से ही संगठन को अग्रणी सूचना देकर क्षेत्र से बाहर जा पाएंगे। इसके लिए केंद्रीय कार्यालय से सभी संासदों को पूर्व में अवगत करा दिया गया है। पहले संपर्क अभियान 15 मई से 15 जून तक चलने वाला था।

30 लाख नए मतदाताओं पर डोरे डालेगा भाजयुमो
भाजपा का फोकस नव मतदाताओं पर है। चुनाव आयोग के अनुसार 30 लाख नए मतदाता जोड़े गए हैं। अभियान के दौरान मोर्चा इन तक पहुंचेगा और केंद्र एवं राज्य सरकारों की योजनाओं से अवगत कराएगा। इसके लिए 7 से 10 जून तक नव मतदाता समारोह आयोजित किया जाएगा। साथ ही 10 से 20 जून तक बाइक यात्रा निकाली जाएगी।

इस अभियान में भाजपा के सभी वरिष्ठ कार्यकर्ता, पदाधिकारी, मोर्चा, प्रकोष्ठ, युवा मोर्चा समेत सभी का समावेश होगा। जो खुद को भाजपा कार्यकर्ता कहता है वह एक महीने तक इस अभियान में पूरी ताकत के साथ जुटेगा।
भगवान दास सबनानी, प्रदेश महामंत्री, भाजपा मप्र

Share:

Next Post

मुख्यमंत्री जन सेवा शिविर का आयोजन हुआ

Sun May 28 , 2023
महिदपुर। शनिवार को उज्जैन जिले की महिदपुर तहसील मुख्यालय पर जनपद सभागृह में मुख्यमंत्री जन सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप क्षेत्र के विधायक बहादुर सिंह चौहान उपस्थित थे तथा अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष कृष्णा सूर्यवंशी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती पूजन कर किया गया। कार्यक्रम में […]