
पटना। पटना (Patna) में KGS और ज्ञान बिंदु एकेडमी (KGS and Gyan Bindu Academy) के बीच हुए विवाद के बाद सामने आए फायरिंग मामले में आरोपी बनाए गए फैजल खान (Faisal Khan- खान सर) की अग्रिम जमानत याचिका (Anticipatory bail application) पर आज अदालत में सुनवाई होगी. इस मामले में पुलिस कोर्ट के समक्ष अपडेट केस डायरी पेश कर सकती है. वहीं, इसी केस में आरोपी फैजल खान के दो सुरक्षा गार्डों की जमानत याचिका पर भी आज सुनवाई निर्धारित है।
दरअसल, KGS और ज्ञान बिंदु एकेडमी के बीच हुए विवाद के दौरान कथित फायरिंग की घटना सामने आई थी. आरोप है कि फैजल खान के सुरक्षा गार्डों ने फायरिंग की, जिसके बाद पटना के कदमकुआं थाने में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने जांच के दौरान फैजल खान को भी इस मामले में आरोपी बनाया. इसके बाद गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए फैजल खान ने अदालत में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दाखिल की थी.
पिछली सुनवाई में अदालत ने फैजल खान को अंतरिम राहत देते हुए उनकी गिरफ्तारी पर 20 जून तक रोक लगा दी थी. साथ ही कोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिया था कि अगली सुनवाई में केस डायरी प्रस्तुत की जाए. अदालत ने यह भी कहा था कि फैजल खान के आपराधिक इतिहास से जुड़ी जानकारी भी रिकॉर्ड के साथ उपलब्ध कराई जाए, ताकि मामले के सभी पहलुओं पर विचार किया जा सके।
खान के दोनों गार्डों की जमानत याचिका पर भी होगी सुनवाई
आज होने वाली सुनवाई में पुलिस केस डायरी और जांच से जुड़े अन्य दस्तावेज कोर्ट में पेश कर सकती है. इन्हीं तथ्यों के आधार पर अदालत यह तय करेगी कि फैजल खान को अग्रिम जमानत दी जाए या नहीं. इस मामले की सुनवाई पर शिक्षा जगत और आम लोगों की भी नजर बनी हुई है.
उधर, फायरिंग मामले में नामजद फैजल खान के दो सुरक्षा गार्ड प्रदीप कुमार और तालेबर सिंह की जमानत याचिकाओं पर भी आज सुनवाई होगी. पुलिस की ओर से दोनों की भूमिका को लेकर अदालत में अपना पक्ष रखा जाएगा, जबकि बचाव पक्ष जमानत की मांग करेगा. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाने में लगी है. आज की सुनवाई इस चर्चित मामले की आगे की कानूनी दिशा तय करने में अहम मानी जा रही है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved