बड़ी खबर राजनीति

Bihar Politics: बिहार में नई सरकार का प्लान तैयार, नीतीश कुमार बनेंगे 9वीं बार CM; नड्डा भी आएंगे पटना

नई दिल्‍ली (New Dehli)। बिहार में महागठबंधन (grand alliance)सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में नई सरकार (new government)के गठन की प्रबल संभावनाएं (strong possibilities)बन गई हैं। तीन दिनों से चल रही सियासी गहमागहमी के बीच माना जा रहा है कि आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस्तीफा देकर एनडीए की नई सरकार बनाएंगे। जदयू-भाजपा की इस सरकार में एनडीए के मौजूदा घटक दल ‘हम’, रालोजद और लोजपा के दोनों गुटों के भी शामिल रहने के आसार हैं। हालांकि, ‘हम’ को छोड़ शेष तीनों दलों के बिहार विधानमंडल में अभी एक भी सदस्य नहीं हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि बिहार में एनडीए का नया स्वरूप क्या होगा। बिहार के ताजा सियासी घटनाक्रम की पल-पल की जानकारी के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें।


Sun, 28 Jan 2024 8:28 AM IST
Bihar Politics LIVE: नीतीश कुमार ने मांगा गवर्नर से मिलने का समय

बिहार में नई सरकार बनने के लिए लगभग तैयार है। नीतीश कुमार आज अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद वह फिर नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सुबह राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है।

Sun, 28 Jan 2024 8:13 AM IST
‘जब तक सांस बाकी है, सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी है’

लालू यादव की बेटी राहिणी आचार्य ने आज फिर एक ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, ”जब तक सांस बाकी है, सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी है।”

Sun, 28 Jan 2024 8:11 AM IST
Bihar Politics LIVE: आरजेडी ने कहा- धन्यवाद तेजस्वी

आरजेडी ने आज बिहार के तमाम अखबारों में एक बड़ा विज्ञापन दिया है, जिसका शीर्षक ‘धन्यवाद’ तेजस्वी दिया गया है। इस विज्ञापन में बिहार में हाल में हुई सरकारी विभागों की बहाली का श्रेय आरजेडी ने तेजस्वी यादव को दिया है। आपको बता दें कि इस विषय पर भी आरजेडी और जेडीयू के बीच तकरार हुई थी। इस विज्ञापन में आरजेडी ने कहा है कि 4 लाख से अधिक सरकारी नौकरी, जाति जणगना, नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देने इत्यादि के लिए आपको धन्यवाद। आपको बता दें कि इस विज्ञापन में आरजेडी ने कई दावे किए हैं।

Sun, 28 Jan 2024 8:05 AM IST
Bihar Politics LIVE: जेपी नड्डा भी आएंगे पटना

बिहार में नई सरकार का प्लान तैयार हो चुका है। नीतीश कुमार नौवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस दौरान भजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहेंगे। उनके साथ चिराग पासवान भी पटना पहुंच रहे हैं।

Sun, 28 Jan 2024 7:58 AM IST
Bihar Politics LIVE: बिहार में आज होगी एनडीए की बैठक

बिहार की राजनीति के लिए आज बड़ा दिन है। नीतीश कुमार आज इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद एनडीए के साथ मिलकर सरकार बना सकते हैं। इससे पहले बीजेपी, जेडीयू और फिर एनडीए की बैठक होगी। एनडीए की बैठक में उन्हें नेता चुना जा सकता है।

Sun, 28 Jan 2024 7:12 AM IST
तेजस्वी बोले- भाजपा घबराहट में राज्य सरकार को अस्थिर करने में जुटी

राजद ने पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद को बिहार के मौजूदा सियासी हालात से निबटने में कोई भी निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया है। शनिवार को लालू प्रसाद एवं तेजस्वी प्रसाद यादव की उपस्थिति में उपमुख्यमंत्री आवास पर विधायक दल की हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में शामिल होने के लिए 11 बजे से ही विधायकों का पहुंचना जारी था। दोपहर एक बजे से शुरू हुई बैठक करीब तीन घंटे तक चली। इसमें बिहार में बदलते राजनीतिक हालात पर चर्चा की गई। राजद अध्यक्ष ने बैठक में कहा कि सबको एकजुट रहना है। देखते हैं आगे क्या होता है। तेजस्वी ने कहा कि अबतक राजद ने महागठबंधन सरकार चलाने में कोई आपत्तिजनक टीका-टिप्पणी नहीं की है, जिससे संकट उत्पन्न हो। इसके बावजूद राजनीतिक हालात बदलते हैं तो हमें एकजुट रहना है। महागठबंधन सरकार जिस प्रतिबद्धता के साथ बनी, उसे हम पूरा कर रहे हैं। उन्होंने जातीय गणना, पांच लाख लोगों को रोजगार दिए जाने एवं विभिन्न कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा जातीय गणना एवं आरक्षण बढ़ने से घबराई हुई है। घबराहट में राज्य सरकार को अस्थिर करने में जुटी है। इसलिए हमारी लंबे समय से मांग को पूरा करने के लिए स्व. कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देना पड़ा है।

Sun, 28 Jan 2024 6:08 AM IST
Bihar Politics LIVE: भाजपा ने सभी विधायकों से लिए गए हस्ताक्षर

बिहार में शनिवार को जारी सियासी गहमागहमी के बीच भाजपा में भी दिनभर बैठकों का दौर जारी रहा। पार्टी ने सभी विधायकों से हस्ताक्षर ले लिए ताकि उसे राजभवन में पेश किया जा सके। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने सरकार में दो उपमुख्यमंत्री बनाने की योजना बनाई है। हालांकि, उपमुख्यमंत्री के तौर पर तीन नामों पर चर्चा हुई। पार्टी आलाकमान के निर्देश पर शनिवार को बिहार पहुंचे भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े ने शहर के एक होटल में पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ संक्षिप्त कोर कमेटी की बैठक की। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा, विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष हरि सहनी, पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद सहित अन्य नेताओं के साथ लगभग घंटेभर के विचार-विमर्श में मुख्यमंत्री के साथ दो उपमुख्यमंत्री बनाने पर चर्चा हुई।

Sun, 28 Jan 2024 5:56 AM IST
कांग्रेस विधायकों की पूर्णिया में अहम बैठक आज

बिहार में राजनीतिक गहमागहमी के बीच छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार को पूर्णिया में कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक करेंगे। कांग्रेस विधानमंडल दल की बैठक में वर्तमान राजनीतिक हालात पर चर्चा होगी। कांग्रेस विधायकों के पाला बदलने को लेकर जारी चर्चा के बीच पूर्णिया की बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें कांग्रेस के कुल 19 विधायकों में कितने शामिल होते हैं, यह देखना महत्वपूर्ण होगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देश पर पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भूपेश बघेल को बिहार में भारत जोड़ो न्याय यात्रा और पार्टी की अन्य गतिविधियों को लेकर को-ऑर्डिनेटर नियुक्त किया है। यह माना जा रहा है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के अलावा इस बैठक में बिहार के बदले राजनीतिक हालात पर भी चर्चा की जाएगी।

Sun, 28 Jan 2024 5:55 AM IST
Bihar Politics Live: मांझी के सभी चार विधायक भाजपा के साथ

Bihar Politics Live: ‘हम’ के सभी चार विधायक भाजपा के साथ रहेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी के आवास पर शनिवार को हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के विधायक दल की बैठक में निर्णय लिया गया कि पार्टी एनडीए के साथ रहेगी। सभी विधायकों का हस्ताक्षर वाला समर्थन पत्र भाजपा को देना तय किया गया। पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णय के साथ है। शाम 6 बजे करीब सवा घंटे चली बैठक में जीतनराम मांझी, राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन, विधायक प्रफुल्ल कुमार मांझी, ज्योति मांझी और अनिल कुमार मौजूद थे।

Sun, 28 Jan 2024 5:50 AM IST
Bihar Politics LIVE: बिहार विधानसभा में दलगत स्थिति
1. राजद: 79
2. भाजपा: 78
3. जदयू: 45
4. कांग्रेस: 19
5. माले: 12
6. हम: 04
7. सीपीआई: 02
8. सीपीएम: 02
9. एआईएमआईएम: 01
10. निर्दलीय: 01
कुल -243

Sun, 28 Jan 2024 5:49 AM IST
Bihar Politics LIVE: लालू ने विधायकों को पटना में रहने के लिए कहा

Bihar Politics LIVE: लालू प्रसाद ने अपनी पार्टी के विधायकों को पटना में रहने और फोन बंद नहीं रखने को कहा। वहीं, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि अबतक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से बदलती राजनीतिक स्थिति को लेकर कुछ नहीं कहा गया है, ऐसे में राज्य में महागठबंधन सरकार कायम है। पार्टी की हर स्थिति पर नजर है। सूत्रों की मानें तो तेजस्वी ने अपने विधायकों से यह भी कहा कि हर चीज मुख्यमंत्री के नियंत्रण में नहीं है। बिहार में अभी खेला होना बाकी है।

Sun, 28 Jan 2024 5:48 AM IST
Bihar Politics LIVE: 536 दिन चली महागठबंधन सरकार

Bihar Politics LIVE: वर्ष 2020 के चुनाव में भाजपा के साथ जीतकर आए नीतीश कुमार ने 9 अगस्त 2022 को इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 10 अगस्त को उन्होंने आठवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। साथ में तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। शनिवार को इस सरकार ने अपने कार्यकाल के 536 दिन पूरे किए।

Sun, 28 Jan 2024 5:48 AM IST
Bihar Politics LIVE: आज इस्तीफा देकर नई सरकार का दावा पेश करेंगे नीतीश

Bihar Politics LIVE: आलाकमान के निर्देश पर शनिवार शाम भाजपा विधानमंडल दल की बैठक हुई। इसमें सभी नेताओं को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्णय की जानकारी दी गई। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो रविवार सुबह नौ बजे भाजपा कोर कमेटी की बैठक होगी। सुबह दस बजे पार्टी के सभी विधायकों को भी बुला लिया गया है। वहीं, सुबह दस बजे से जद(यू) विधानमंडल दल की बैठक भी रखी गई है, जिसमें नीतीश पार्टी नेताओं को अपने निर्णय से अवगत कराएंगे। इस बैठक में 10:30 बजे के बाद भाजपा के विधायक जुड़ेंगे तथा यह बैठक एनडीए विधायक दल की बैठक में तब्दील हो जाएगी। भाजपा की ओर से राजभवन को नीतीश कुमार के नेतृत्व में गठित होने वाली नई सरकार को समर्थन का पत्र सौंपा जाना लगभग तय है। नीतीश राज्यपाल को अपना इस्तीफ‌ा सौंपेंगे तथा नई सरकार के गठन का दावा पेश करेंगे। ऐसा माना जा रहा है कि नीतीश कुमार का बतौर मुख्यमंत्री नौवीं बार शपथ ग्रहण रविवार को ही आयोजित हो सकता है। मुख्यमंत्री के साथ ही भाजपा कोटे से दो उपमुख्यमंत्री के शपथ लेने की संभावना है। शपथ ग्रहण में गृहमंत्री अमित शाह या भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के शामिल होने की चर्चा है।

Sun, 28 Jan 2024 5:47 AM IST
Bihar Politics LIVE: खल दिनभर चली बिहार में गहमागहमी

Bihar Politics LIVE: शनिवार को पटना और दिल्ली में दिनभर सियासी गहमागहमी और बैठकों का दौर जारी रहा। हाई वोल्टेज पॉलिटिकल ड्रामा के बीच जोड़-तोड़ की कोशिशें भी होती रहीं। हालांकि, अभी तक यह तय नहीं हो पाया है कि कौन जोड़ पाया है या कौन दल तोड़ पाया है। वैसे, अब भी इसकी कोशिशें जारी हैं। जदयू और भाजपा के पास बहुमत का संख्याबल है। दोनों को मिलाकर 124 (एक निर्दलीय समेत) विधायक हैं। 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में बहुमत के लिए 122 विधायकों के समर्थन की दरकार है। एनडीए के साझीदार जीतन राम मांझी की पार्टी ‘हम’ को लेकर भी तरह-तरह की अटकलें हैं। हालांकि, शनिवार की शाम पार्टी विधायक दल की बैठक के बाद मांझी ने साफ कर दिया कि वे एनडीए के साथ रहेंगे। ऐसे में नई सरकार के पक्ष में 128 विधायकों का समर्थन हो जाएगा।

Share:

Next Post

अमित शाह का तेलंगाना दौरा रद्द, भाजपा-जेडीयू के बीच तालमेल की पूरी तैयारी, जेपी नड्डा जाएंगे बिहार

Sun Jan 28 , 2024
नई दिल्‍ली (New Dehli)। बिहार के तेजी से बदल रहे सियासी घटनाक्रम (political developments)और जेडीयू के साथ भाजपा के भावी गठबंधन (future alliance)की तैयारियों के बीच पार्टी (Party)ने राज्य के अपने संगठन तथा नेताओं को भरोसे में लेने में जुटा है। साथ ही सहयोगी दलों की आशंकाओं को भी दूर किया है। लोजपा (रामविलास) के […]