भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश राजनीति

राज्यसभा के लिए BJP उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए

भोपाल। मध्य प्रदेश से राज्यसभा (Rajya Sabha) की तीन सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक निर्वाचन (biennial election) के लिए भाजपा राज्यसभा उम्मीदवार कविता पाटीदार एवं सुमित्रा वाल्मिक ने मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। प्रदेश कार्यालय में राज्यसभा उम्मीदवारों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने राज्यसभा की सीटों पर प्रदेश से महिला शक्ति को प्रतिनिधित्व दिये जाने पर केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया।

भाजपा की राज्यसभा की प्रत्याशी कविता पाटीदार और सुमित्रा वाल्मिक मंगलवार सुबह पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ कार्यालय में पं. दीनदयाल उपाध्याय, स्व. कुशाभाऊ ठाकरे और राजमाता स्व. विजयाराजे सिंधिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों उम्मीदवारों का मुंह मीठा कर शुभकामनाएं दीं। प्रदेश कार्यालय में ढोल-नगाड़ों पर थिरकते कार्यकर्ताओं ने खुशी प्रकट की और पार्टी उम्मीदवारों का स्वागत किया। स्वागत के पश्चात कविता पाटीदार एवं सुमित्रा वाल्मिक ने पार्टी नेताओं के साथ विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।



केंद्रीय नेतृत्व ने ओबीसी वर्ग और दलित समाज को राज्यसभा में अवसर दिया : शर्मा

प्रदेश कार्यालय में राज्यसभा उम्मीदवारों का स्वागत करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मध्य प्रदेश के नेतृत्व ने मिलकर प्रदेश से राज्यसभा के लिए दो महिला कार्यकर्ताओं का चयन कर सौ प्रतिशत महिलाओं को टिकट देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सबका साथ-सबका विकास के मंत्र के आधार पर एक ओबीसी वर्ग और एक दलित समाज की महिला कार्यकर्ता को राज्यसभा के लिए अवसर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मध्य प्रदेश से कविता पाटीदार और सुमित्रा वाल्मिक को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया और राज्यसभा उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दीं।

दोनों बहनें प्रामाणिकता और परिश्रमपूर्वक अपनी भूमिका का निर्वहन करेंगी : शिवराज

प्रदेश कार्यालय में राज्यसभा उम्मीदवारों को स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम केंद्रीय नेतृत्व के आभारी हैं कि हमारी दो ऐसी कार्यकर्ता जो वर्षों से दिन-रात बिना किसी पद की आकांक्षा के संगठन कार्य को आगे बढ़ा रही हैं। एक प्रदेश की महामंत्री कविता पाटीदार, जिन्होंने परिश्रम की पराकाष्ठा की और दूसरी प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित्रा वाल्मिक, जो तीन बार जबलपुर से पार्षद, एक बार एल्डरमेन, नगर निगम की अध्यक्ष और सबसे पीछे और सबसे नीचे की कार्यकर्ता रहीं। जो कि अपने लिए कोई अपेक्षा नहीं करतीं। जिन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि उनका नाम राज्यसभा के उम्मीदवार के लिए चुना जायेगा, लेकिन यह भाजपा है, जो कार्यकर्ता के परिश्रम, समर्पण और सभी वर्गों का ध्यान रखती है। उन्होंने कहा कि हमारी दोनों बहनें प्रामाणिकता और परिश्रमपूर्वक राज्यसभा में अपनी भूमिका का निर्वहन करेंगी। प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण के लिए काम करेंगी और अपने परिवार व समाज-वर्ग का सम्मान बढ़ाएंगी।

इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्रीगण डॉ. नरोत्तम मिश्रा, कमल पटेल, तुलसीराम सिलावट, डॉ. प्रभुराम चौधरी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, पारस जैन, पार्टी के अन्य पदाधिकारी विधायक एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य विवेक कृष्ण तन्खा, संपतिया उइके एवं एमजे अकबर का कार्यकाल 29 जून, 2022 को समाप्त हो रहा है। इन रिक्त होने वाली राज्यसभा की तीन सीटों के लिए निर्वाचन होना है। द्विवार्षिक निर्वाचन की नामांकन प्रक्रिया का मंगलवार को अंतिम दिन था। भाजपा के दोनों उम्मीदवारों ने अंतिम दिन अपने नाम निर्देशन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर अवधेश प्रताप सिंह के समक्ष दाखिल किए। इससे पहले सोमवार को कांग्रेस की ओर से घोषित हुए उम्मीदवार विवेक कृष्ण तन्खा ने अपना नामांकन पत्र नामांकन पत्र दाखिल किया था। इस प्रकार मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए तीन नामांकन दाखिल हुए हैं।

राज्यसभा द्विवार्षिक, 2022 के अंतर्गत रिक्त होने वाली तीन सीटों के लिए 24 मई, 2022 को अधिसूचना जारी की गई थी। नामांकन पत्रों की जांच 1 जून, 2022 अपरान्ह 2:00 बजे से की जाएगी। नाम वापसी की प्रक्रिया 03 जून 2022 को अपराह्न 3:00 बजे तक चलेगी। मध्य प्रदेश विधानसभा में संख्या बल के आधार पर भाजपा को दो सीटें मिलना तय है और कांग्रेस के खाते में एक सीट जाएगी। तीन सीटों के लिए तीन उम्मीदवारों ने नामांकन जमा किए हैं। इनमें दो उम्मीदवार भाजपा के हैं, जबकि कांग्रेस की तरफ से एक नामांकन दाखिल हुआ है। लिहाजा उनका निर्विरोध चुना जाना तय है।

Share:

Next Post

महाराष्ट्र: राज्यसभा सीट को लेकर बवाल, कांग्रेस महासचिव ने दिया इस्तीफा

Tue May 31 , 2022
मुंबई: महाराष्ट्र के काटोल से पूर्व विधायक डॉ. आशीषराव आर देशमुख (Ashishrao R Deshmukh) ने महाराष्ट्र (Maharashtra) प्रदेश कांग्रेस (Congress) कमेटी के जनरल सेक्रेटरी के पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने राज्य सभा के लिए महाराष्ट्र में इमरान प्रतापगढ़ी (यूपी से) (Imran Pratapgadhi) को लाने के कारण इस्तीफा दिया. साथ ही उन्होंने ये भी […]