देश राजनीति

बुनियादी मुद्दों से भटकाने में भाजपा सरकार का कोई जवाब नहीं: अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि बुनियादी मुद्दों से भटकाने में भाजपा सरकार का कोई जवाब नहीं। नीति आयोग की रिपोर्ट में बीमार स्वास्थ्य सेवाओं में उत्तर प्रदेश नम्बर एक है। चार साल की भाजपा सरकार में यूपी का हेल्थ इन्डेक्स स्कोर 5.08 प्वाइंट गिरकर 2015-16 के 33.69 प्वाइंट से भी गिरकर 28.61 प्वाइंट पर आ गया है। भुखमरी में भी उत्तर प्रदेश भाजपा राज में नम्बर एक पर गिना जाने लगा है।

अखिलेश ने कहा कि खुद केन्द्र सरकार के संस्थान प्रदेश की भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल होने का तमगा दे रहे हैं। लेकिन, मुख्यमंत्री जी हैं कि अपनी प्रशंसा खुद ही करने लगते हैं और जाने कहां से कौन प्रशस्ति पत्र ले आते हैं। उन्होंने कहा कि वास्तविकता यह है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। समाजवादी सरकार के समय स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के जो कदम उठाए गए थे रागद्वेष से भरी भाजपा सरकार ने उन्हें भी चौपट कर दिया है।


सपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रत्येक जनपद में आरोग्य मेला लगवाने की योजना चलाकर उम्मीद करते हैं यह उनके गौरव में चार चांद लगाएगी। जबकि इस तरह के मेले वर्षों से समाज सेवी और स्वयंसेवी संगठन लगवाते रहे हैं। दूसरों की नकल को अपनी अकल बताकर भाजपा नेतृत्व जनता को बरगलाने में ही अपनी सफलता समझता है। लेकिन, जनता सब जानती है, उसे बहकाया नहीं जा सकता है।

उन्होंने कहा कि सच तो यह है कि भाजपा सरकार की आयुष्मान योजना के लाभार्थी अस्पतालों में टरकाए जाते हैं। गरीब की कहीं पूछ नहीं होती है। प्रधानमंत्री जनऔषधि केन्द्रों का बड़ा शोर था, अब ये जगह-जगह बंद पड़े हैं। जहां खुले हैं वहां दवाइयों का अभाव है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी सरकार में गम्भीर असाध्य रोगों-किडनी, लीवर, हृदय और कैंसर से ग्रसित निर्धन वर्ग के लोगों के लिए मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। राज्य के समस्त चिकित्सालयों में भर्ती होने वाले रोगियों का भर्ती शुल्क माफ कर दिया गया था। आज मेडिकल कालेजों में परीक्षण की नई दरें लागू हैं, इलाज के लिए लम्बी रकम खर्च होती है। कैंसर अस्पताल की तो पूरी व्यवस्था ही भाजपा सरकार में बदल गई है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कोरोना संकट के नियंत्रण में अपने काम का लेखा-जोखा पेश करते हुए खुद को ही शाबासी दे देती है। लेकिन, यह कौन भूलेगा कि कोरोना ग्रस्त लोगों के साथ किस तरह का दुर्व्यवहार किया गया। पीड़ितों से मनमानी रकम वसूली गई। आज भी भाजपा सरकार इस विपत्ति से बचाव के नाम पर टीका लगाने के लिए फीस तय कर रही है। बिहार में मुफ्त टीका का एलान करने वाली भाजपा ने उत्तर प्रदेश में जनता को मुफ्त टीका की सुविधा नहीं देने वाली है। जाहिर है, भाजपा को गरीबों की, असहायों की कतई चिंता नहीं है। वह तो आपदा में भी अवसर तलाशने में माहिर रही है। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

बंगाल में भाजपा का वर्चस्व और तृणमूल के कुशासन को रोकना होगा : अधीर रंजन

Mon Mar 1 , 2021
कोलकाता। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि बंगाल में भाजपा के वर्चस्व और तृणमूल के कुशासन को रोकना होगा। गणतंत्र की राह पर चलकर यह दोनों जनता के साथ विश्वासघात कर रहे हैं। दिल्ली में मोदी कांग्रेस मुक्त भारत का नारा बुलंद करते हैं तो बंगाल को दीदी विपक्ष से मुक्त करना चाहती […]