भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

कार्यकर्ताओं को संघ की विचारधारा सिखाने कक्षाएं लगाएंगे भाजपा नेता

  • प्रदेश स्तर पर आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में सैंकड़ों प्रशिक्षक तैयार

भोपाल। प्रदेश में सरकार में वापसी और उपचुनाव में जीत के साथ ही भाजपा अब अगले चुनावों की तैयारियों में जुट गई है। इसी रणनीति के तहत भाजपा ने अब प्रदेश भर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगी। जिसके जरिए कार्यकर्ताओं को संघ और भाजपा की विचारधारा एवं रीति-नीति से अवगत कराया जाएगा। खासकर ऐसे नेता और कार्यकर्ता जो दूसरे दलों से भाजपा में आए हैं। उन्हें पार्टी की विचारधारा के बारे में बताया जाएगा। इसको लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में गुरुवार को एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें सभी जिलों से करीब 600 से ज्यादा नेता शामिल हुए। ये नेता अब जिलों में जाकर 1059 मंडलों पर प्रशिक्षण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। भाजपा ने प्रशिक्षण के जरिए नेताओं को 10 विषयों के बारे में बताया। इसके लिए हर जिले से 10-10 नेता बुलाए गए थे। हर नेता को एक विषय का प्रशिक्षण अब मंडल स्तर पर पार्टी नेता एवं कार्यकर्ताओं को देना है। इसमें संघ एवं भाजपा की विचारधारा प्रमुख है। केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाएं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की लोकप्रिय योजनाएं। समाज में संगठन की भूमिका, पार्टी से लोग क्यों जुड़ें। अभी तक भाजपा ने समाज के प्रति क्या किया है। ये प्रमुख विषयों पर भाजपा नेताओं को बताया गया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण जीवन का अभिन्न अंग और सतत चलने वाली प्रक्रिया है। भाजपा का कार्यकर्ता एक प्रशिक्षित कार्यकर्ता होता है, प्रशिक्षण से ही वह अपनी योग्यता को निखारता है। समाज में हमारी भूमिका क्या हो, हम भारतीय जनता पार्टी से क्यों जुड़ें। जिस विचार को लेकर हम समाज में काम कर रहे है उसका विस्तार कैसे हो, इन सभी बातों को लेकर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण आयोजित करती है। आने वाले दिनों में मंडल स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित होंगे, जिसमें हजारों कार्यकर्ता प्रशिक्षित होंगे।

इन विषयों पर होगा प्रशिक्षण
मंडल स्तर पर 27 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच आयोजित होने वाले प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा का इतिहास और विकास, भाजपा एवं हमारा दायित्व, हमारा विचार परिवार, पिछले 6 सालों में हुए अंत्योदय प्रयत्न, हमारी कार्यपद्धति एवं संगठन संरचना में हमारी भूमिका, प्रदेश भाजपा सरकार की उपलब्धियां, भारत की वैचारिक मुख्य धारा हमारी विचारधारा, व्यक्तित्व विकास, सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग एवं आत्मनिर्भरता के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा विषय पर कार्यकर्ताओं का प्रबोधन होगा।

भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल: वीडी शर्मा
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि केन्द्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार मंडल, जिला और प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित होंगे। इन प्रशिक्षण वर्गो में कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी की पद्धति और हमारे काम के स्वरूप को जानेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित दल है। हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व ने भी यही कार्यकर्ता भाव विद्यमान है। प्रशिक्षण वर्ग में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी एक प्रशिक्षणार्थी के तौर पर सम्मिलित होते है। उन्होंने कहा कि हमारे परिवार का लगातार विस्तार हो रहा है। हमसे नए लोग जुड़ रहे है़। प्रशिक्षण के माध्यम से हर कार्यकर्ता वैचारिक तौर पर मजबूत होंगे। साथ ही पार्टी और हमारी सरकार की उपलब्धियों को नीचे स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे।

Share:

Next Post

महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला, मुंबई-दिल्ली के बीच बंद हो सकती है ट्रेन और प्लेन

Fri Nov 20 , 2020
मुंबई। दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए आज से यहां हाउस टू हाउस सर्वे हो रहा है। वहीं महाराष्ट्र सरकार, दिल्ली और मुंबई के बीच की विमान सेवा को बंद करने पर विचार कर रही है। माना जा रहा है कि सिर्फ विमान सेवा ही नहीं, दोनों राज्यों के बीच जारी रेल […]