
भोपाल। राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम’ के अपमान के विरोध में भाजपा द्वारा रेडक्रॉस अस्पताल चौराहे से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने तक कैंडल मार्च निकाला गया। यह कैंडल मार्च स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में कांग्रेस पार्टी द्वारा राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम’ के अपमान के विरोध में आयोजित किया गया।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने सड़क पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सम्मानपूर्वक राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम’ का गायन कर राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रदर्शित कर राष्ट्रगीत के अपमान के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया। भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी न संविधान का सम्मान करती है और न ही राष्ट्रगीत का सम्मान करती है। कांग्रेस को भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं, गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचाने की पुरानी आदत है। कांग्रेस पार्टी और उसके नेता जानबूझकर देश की आन, बान और शान को ठेस पहुंचाने का कार्य करते हैं। ‘वन्दे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता के संघर्ष, राष्ट्रभक्ति और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं से जुड़ा राष्ट्रगीत है। इसके सम्मान के प्रति किसी भी प्रकार की अनदेखी स्वीकार नहीं की जा सकती।