भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

71 फीसदी जनपदों में भाजपा समर्थक बने अध्यक्ष!

  • शहर सरकार के बाद अब गांव की सरकार में भी लहराया भाजपा का परचम
  • पहले चरण की 170 जनपदों में 121 भाजपा समर्थकों का कब्जा, 43 जनपदों में बने कांग्रेस समर्थक

भोपाल। मध्यप्रदेश में पहले चरण की जनपद पंचायत के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों का चुनाव हो गया है। परिणाम आने के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा 170 जनपद पंचायतों के चुनाव में 121 पर भाजपा के समर्थक अध्यक्ष बने हैं। जनपद पंचायतों में भाजपा को अपार सफलता मिली है। अब गांव में इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार करने पर हमारा फोकस रहेगा। सडक, स्कूल, आंगनवाड़ी, बाजारों का विकास किया जाएगा। हमारी कोशिश रहेगी कि गांव पूरी तरह से स्वच्छ हों। पेयजल की उपलब्धता नल-जल के माध्यम से हो इस पर तेजी से काम करेंगे। जिन गांव के टोले-मजरे सड़कों से छूट गए हैं। उन्हें सड़कों से जोडने के लिए अभियान चलेगा। किसानों को खेत तक पहुंचने के लिए अच्छे रास्ते बनाएंगे। गांव में ही रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे। गांव में जो पैदावार होती है उनको आसपास बाजार मिल सकें। वेल्यू एडिशन का काम करेंगे। ग्रामीण कारीगरों की ट्रेनिंग और उनके रोजगार की व्यवस्था। बड़े गांवों में बाजारों की व्यवस्था। पथ विक्रेता, छोटे व्यापारियों को स्ट्रीट वेंडर योजना से लोन दिलाकर उनका काम आगे बढ़ाएंगे। गांवों में राशन सुचारू तौर पर मिल सके इसके लिए उचित मूल्य की दुकानों को बहुउद्देशीय दुकानों में बदलने का काम किया जाएगा। ग्रामीणों को अलग-अलग योजनाओं से लाभान्वित कर संपूर्ण गांव बनाएंगे। सीएम ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई दी।

जनपदों में भाजपा को शानदार सफलता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दावा किया कि 170 जनपदों में से 121 में भाजपा समर्थक अध्यक्ष बने हैं। 43 जनपद पंचायतों में कांग्रेस के समर्थक, दो जनपदों में गौंडवाना समर्थक और 4 जनपद पंचायतों में निर्दलीय उम्मीदवार जनपद पंचायत अध्यक्ष बने हैं। जनपद पंचायतों के परिणाम आने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा जैसा हमने चुनाव के पहले कहा था वैसे ही परिणाम ग्रामीण निकाय के चुनाव में आए हैं। जनपदों के चुनाव में भाजपा को शानदार सफलता मिली है। कई जिले ऐसे हैं जहां कांग्रेस का एक भी जनपद में अध्यक्ष नहीं बना। मैं जनपद पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और जनता को बधाई देता हूं।


13 जिलों में भाजपा का कब्जा
प्रदेश के 13 जिलों में हुए चुनाव में 13 जिलों में कांग्रेस एक भी अध्यक्ष नहीं बना पाई। राजधानी भोपाल, रायसेन, इंदौर, बड़वानी, ग्वालियर, अशोकनगर, सतना, झाबुआ, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, दमोह, अलीराजपुर, कटनी में बीजेपी समर्थक अध्यक्ष बने हैं।

कटनी की तीन जनपद पंचायत से कांग्रेस का सूपड़ा साफ
कटनी जिले के जनपद पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक के कुशल नेतृत्व में बुधवार को विजयराघवगढ़, बड़वारा, ढीमरखेड़ा से कांग्रेस का पत्ता साफ हो गया। जनपद अध्यक्ष का चुनाव नव निर्वाचित सभी जनपद पंचायत सदस्यों ने एकमत होकर बड़वारा, ढीमरखेड़ा की जनपद पंचायतों में निर्विरोध अध्यक्ष एवं विजयराघवगढ़ जनपद में दो तिहाई वोट से अधिक वोट के समर्थन से श्रीमती सुधा सुनील कोल को अध्यक्ष चुना। वही विजयराघवगढ़ में उदयराज सिंह चौहान, ढीमरखेड़ा में श्रीमती दुर्गा संतोष पटेल उपाध्यक्ष चुनी गई। इन चुनावों में भाजपा समर्थकों की विजय के लिए विधायक संजय पाठक लगातार सभी जनपद सदस्यों सहित शीर्ष नेतृत्व से भी संपर्क में थे। उनकी कुशल रणनीति के चलते तीनों जनपद पंचायतों में भाजपा का अध्यक्ष चुने गए। इस अवसर पर विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने कहा कि तीनों जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा के समर्थक निर्वाचित हुए है। इन सभी निर्वाचनों के माध्यम से जनपद के निर्वाचित सदस्यों ने भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास की नीतियों के साथ होते हुए सभी ने एकजुटता दिखाई है। जिससे विजयराघवगढ़ जनपद अध्यक्ष दो तिहाई सदस्यों के वोट से अधिक वोटों के समर्थन से जनजाति वर्ग से आने वाली सुधा सुनील कोल अध्यक्ष बनी है। पाठक ने कहा कि दो जनपद पंचायतों बड़वारा, ढीमरखेड़ा में भाजपा की समर्थित अध्यक्ष श्रीमती सुनीता संतोष दुबे,बड़वारा में सुधा घनश्याम जायसवाल निर्विरोध जनपद अध्यक्ष निर्वाचित हुई है। तीनों ही जनपद अध्यक्ष का निर्वाचन हमारे प्रदेश नेतृत्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान,भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में हुआ है।

Share:

Next Post

कर्नाटक सरकार ने रद्द किया पहला वर्षगांठ समारोह

Thu Jul 28 , 2022
बेंगलुरू । दक्षिण कन्नड़ जिले में (In Dakshina Kannada District) भाजयुमो नेता (BJYM Leader) प्रवीण कुमार नेत्तरी (Praveen Kumar Nettri) की हत्या को लेकर उपजे भारी विरोध के बीच (Amidst Huge Protests over the Murder) कर्नाटक सरकार (Karnataka Government) ने पहला वर्षगांठ समारोह (First Anniversary Celebration) रद्द कर दिया (Canceled) । मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने […]