भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

भाजपा आज 10 स्थानों पर एकसाथ करेगी जनसभा

  • मुख्यमंत्री इंदौर एवं प्रदेश अध्यक्ष जबलपुर में रोड शो कर सभा को करेंगे वर्चुअली संबोधित
  • प्रदेश प्रभारी, केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय पदाधिकारी अलग-अलग स्थानों पर सभा में रहेंगे मौजूद
  • प्रदेश के सभी वार्डों में जनसभा का होगा सीधा प्रसारण

भोपाल। नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण का चुनाव प्रचार अंतिम दौर में है। मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष एवं पार्टी के वरिष्ठ नेतागण सघन चुनाव प्रचार पर हैं। आज प्रथम चरण का चुनाव प्रचार समाप्त होने के पूर्व प्रदेश में 10 स्थानों पर एक साथ वर्चुअली जनसभाएं होंगी। मुख्यमंत्री इंदौर एवं प्रदेश अध्यक्ष जबलपुर में रोड शो कर जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं अलग-अलग स्थानों पर पार्टी के केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश सरकार के मंत्रीगण पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में सभाओं को संबोधित करेंगे। प्रदेश के समस्त वार्डों में स्क्रीन लगाकर वार्डों के पदाधिकारी स्थानीय निवासियों के साथ जनसभा का सीधा प्रसारण देखेंगे। आज प्रदेश के सभी वार्डों में बड़ी स्क्रीन पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की जनसभा स्थानीय रहवासी और कार्यकर्ता सुनेंगे। सायं 4 बजे मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष का उद्बोधन होगा।

कांग्रेस करती है तुष्टीकरण की राजनीति: शिवराज
उधर, मुख्यमंत्री ने भोपाल, जबलपुर, सिंगरौली, ग्वालियर में किया प्रचार। जबलपुर के बड़ा पत्थर रांझी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है जबकि कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न, समृद्ध और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। दुनिया की कोई ताकत भारत की शक्ति को नकार नहीं सकती। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनेगा। मुख्यमंत्री ने जनता से भाजपा से महापौर पद के प्रत्याशी डाक्टर जितेंद्र जामदार और पार्षद प्रत्याशियों के लिए आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि डाक्टर जामदार ने एक रुपये के मानदेय पर जनता की सेवा का संकल्प लिया है। यदि कांग्रेस का महापौर और पार्षद जीते तो जबलपुर का विकास रुक जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं सरकार नहीं जनता की जिंदगी बदलने का अभियान चला रहा हूं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का सबसे लंबा फ्लाईओवर जबलपुर में बनाए जा रहा है जो कि इंदौर और भोपाल में नहीं है।

मध्य प्रदेश की धरती पर आतंकवाद बर्दाश्त नहीं
राजस्थान के उदयपुर और महाराष्ट्र में हुई घटना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम आतंकवाद और आतंकवादियों को कुचल देंगे। जनता का शोषण करने वाले गुंडे माफिया बदमाशों पर बुलडोजर चलेगा। मध्यप्रदेश में आतंकी मानसिकता को ही कुचल दिया जाएगा। कांग्रेस ने बर्बाद करने के अलावा कुछ नहीं किया: मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने बर्बाद करने के अलावा कुछ नहीं किया है। कांग्रेस ने कोई भला नहीं किया। उन्होंने कहा कि मैं मंच से पूछ रहा हूं कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने जबलपुर के लिए क्या किया। कांग्रेसी तो जबलपुर के 52 ताल तलैया खा गए। जबकि भाजपा सरकार इनका जीर्णोद्धार करवा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास विकास का कोई विजन नहीं है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और कमलनाथ पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो कमलनाथ ने गरीबों के कल्याण की संबल योजना बंद करवा दी थी। कांग्रेस ने महापाप किया है।

जबलपुर में बनाएंगे फिल्म सिटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जबलपुर के विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है। जबलपुर में फिल्म सिटी का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने आईटी पार्क, गारमेंट क्लस्टर, मिष्ठान क्लस्टर फर्नीचर क्लस्टर का जिक्र किया। उन्होंने गरीबों को मकान बनाने के लिए जमीन का पट्टा देने की भी बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि जमीन का पट्टा देने के बाद गरीबों को मकान बनाने के लिए पैसे भी दिए जाएंगे। गरीबों के बच्चे पढ़ लिखकर आगे बढ़े इसके लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।

11 से 15 अगस्त तक घर-घर फहराएगा तिरंगा
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि 11 से 15 अगस्त तक घर-घर तिरंगा फहराया जाएगा। इस दौरान सभा स्थल पर मौजूद हजारों नागरिकों ने अपने घरों पर तिरंगा फहराने का संकल्प लिया। इस दौरान सांसद राकेश सिंह, विधायक अशोक रोहाणी, भाजपा से महापौर प्रत्याशी डाक्टर जितेंद्र जामदार, भाजपा नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर समेत भाजपा के तमाम नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share:

Next Post

मतदाता को अब महापौर और पार्षद को वोट देना अनिवार्य

Mon Jul 4 , 2022
दोनों वोट डालने पर अलग अलग बीप बजेगी उज्जैन। नगरीय निकाय चुनावों में राज्य निर्वाचन आयोग एक नियम पर ज्यादा जोर दे रहा है। वो यह कि वोटर को महापौर और पार्षद दोनों को वोट देना होगा। इसी के बाद आपका मतदान कंप्लीट माना जाएगा। पोलिंग बूथ पर इसके लिए दो मशीनें रखी जाएंगी और […]