भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

मिशन 2023 के लिए भाजपा की बूथ विस्तारक योजना का खाका तैयार

  • मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक, सांसदों को करना होगा प्रवास

भोपाल। मिशन 2023 को लिए भाजपा बूथ विस्तारक योजना शुरू करने जा रही है। इसके तहत संगठन विस्तार और बूथ को मजबूत करने का काम किया जाएगा। खासकर भाजपा नेता बूथ पर 51 प्रतिशत वोट बैंक बढ़ाने काकाम करेेंगे। योजना की शुरूआत 20 जनवरी से शुरू हो रही है। यह बूथ विस्तारक योजना संगठन के सुदृढ़ीकरण और विस्तार की दृष्टि से भाजपा संगठन की ऐतिहासिक और अभिनव योजना है। इस योजना के तहत संगठन मुख्यमंत्री, प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी मंत्री, सांसद, विधायक सहित सभी प्रदेश पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर उतारने जा रहा है।


इसको लेकर शनिवार को बैठक आयोजित की गई थी। आज भी भाजपा कार्यालय में बड़ी बैठक होने जा रही है। शनिवार को आयोजित बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत एवं सह संगठन महामंत्री हितानंद ने योजना का ब्योरा दिया। बैठक में बताया कि योजना के तहत बूथ विस्तारक निकलने वाले प्रदेश के सभी सांसदों एवं विधायक, जिला जिलाध्यक्षों तथा मण्डल अध्यक्षों को अपने प्रवास बनाकर शीघ्र दें। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विस्तारक के साथ एक आईटी की जानकारी रखने वाला विस्तारक भी होगा। अत: बूथों पर परंपरागत और डिजिटल दोनों तरीकों से जानकारी एकत्रित करने का काम किया जाएगा। भाजपा द्वारा विकसित संगठन एप के माध्यम से बूथों की जानकारी डिजिटलाइज की जाएगी।

कल से दो दिन होगी कार्यशाला
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि विधानसभा के प्रशिक्षकों की कार्यशाला 17 एवं 18 जनवरी को संभाग केन्द्रों पर होगी। विधानसभा स्तरीय बूथ विस्तारकों की कार्यशालाएं क्रमश: 18 व 19 जनवरी को होंगी। इस योजना के दौरान किसी भी बूथ को रिक्त नहीं छोड़ा जाएगा। 65 हजार बूथों तक 10 दिन के भीतर हमें प्रत्येक को प्रतिदिन 10 घंटे देकर 100 घंटे का योगदान इस अभियान के लिए देना है।

10 फीसदी वोट बढ़ाने का लक्ष्य लेकर उतरेंगे
प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि ठाकरे जी के जन्म शताब्दी वर्ष को हमने पार्टी के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए चुना है। हम अभी तक जहां नहीं पहुंचे हैं, वहां पहुंचने की योजना इस संगठन यज्ञ के माध्यम से करनी है। यह साधारण नहीं, ऐतिहासिक अभियान है। एक दिन यह अभियान पूरे देश में रोल मॉडल बनेगा। हमें इस अभियान के दौरान संगठन को गुणात्मक और संख्यात्मक रूप से मजबूत बनाते हुए 10 प्रतिशत वोट बढ़ाने का लक्ष्य सामने रखना है। उन्होंने शताब्दी वर्ष में समर्पण निधि के विषय पर भी विस्तार से चर्चा की।

Share:

Next Post

आज सुबह 4 थाना क्षेत्रों से दर्जनों लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई

Sun Jan 16 , 2022
पूरे जिले में 153 नए पॉजीटिव मरीज मिले-नागदा के 3 छोड़ बाकी सब उज्जैन शहर के उज्जैन। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच आज सुबह एक बार फिर 153 कोरोना मरीजों की रिपोर्ट जिले में पॉजीटिव आई है। इसमें से 3 मरीज नागदा तहसील में मिले हैं, जबकि शेष 150 मामले उज्जैन के हैं। नई […]