
इंदौर। बाणगंगा क्षेत्र के एमआर-10 रेलवे ब्रिज के नीचे कल रात मिली एक व्यापारी की लाश के मामले में बताया जा रहा है कि उस पर करीब एक करोड़ का कर्ज था, जिसको लेकर कर्जदार लगातार तकादा कर रहे थे। इससे परेशान होकर वह 15 दिन पहले घर छोड़ गया था और कल ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी।
बाणगंगा पुलिस ने बताया कि 15 दिन पूर्व बाबू खां (65) निवासी श्रीनगर एक्सटेंशन के परिजनों ने एमआईजी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। रात को पुलिस को खबर मिली कि एमआर-10 रेलवे ब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा है, जिसकी शिनाख्त बाबू खां के रूप में हुई। उसकी सांवेर रोड क्षेत्र में रोलिंग फैक्ट्री के अलावा गोडाउन है। उसके भतीजे मोहम्मद जाकिर ने बताया कि घर पर आए दिन कर्जदार तकादा देने आते थे, जिससे वह काफी परेशान हो गए थे और यही कारण था कि वह इसके चलते घर छोड़ गए थे। बाद में उनकी लाश मिली। बाणगंगा पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। आवश्यक हुआ तो संबंधित कर्जदारों को भी बुलाकर उनके बयान लिए जाएंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved