भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

मकर संक्रांति से फिर कड़ाके की सर्दी पडऩे के आसार

भोपाल। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे लगे उत्तर भारत पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। साथ ही पाकिस्तान के मध्य में एक प्रेरित चक्रवात बन गया है। इसके चलते हवाओं का रुख दक्षिणी हो गया है। इस वजह से पूरे मध्य प्रदेश में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। बुधवार को मध्य प्रदेश में सबसे कम 5.3 डिग्री सेल्सियस तापमान नौगांव में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढऩे पर 15 जनवरी मकर संक्रांति से मध्य प्रदेश में फिर कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू होने की संभावना है।



मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। दतिया एवं ग्वालियर जिले में मध्यम स्तर का कोहरा रहा। न्यूनतम तापमान में सभी संभागों में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान शहडोल संभाग में सामान्य से काफी कम, भोपाल, जबलपुर, सागर और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में सामान्य से कम एवं शेष संभाग के जिलों में सामान्य रहे। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे लगे उत्तर भारत पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से पाकिस्तान के मध्य में एक प्रेरित चक्रवात बन गया है। इन दो मौसम प्रणालियों के असर से उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। साथ ही पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में वर्षा होने की भी संभावना है। उधर, प्रेरित चक्रवात के असर से हवाओं का रुख बदलकर दक्षिणी हो गया है। इस वजह से मध्य प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढऩे लगे हैं। इससे कड़ाके की ठंड से राहत मिलने लगी है। शुक्ला के मुताबिक अभी दो-तीन दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा। मकर संक्रांति से एक बार फिर कड़ाके की ठंड का दौर फिर शुरू होने की संभावना है।

Share:

Next Post

युवाओं को मिलेगा रोजगार... प्रदेश में बनेगा नया Tourist Circuit

Thu Jan 12 , 2023
भोपाल। प्रदेश में एक और नया टूरिस्ट सर्किट तैयार होने जा रहा है, इससे जहां एक तरफ पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले सकेंगे, वहीं दूसरी और प्रदेश के युवाओं को रोजगार भी मिलेगा, जिसके चलते प्रशासन बड़े लेवल पर कार्य योजना तैयार कर रहा है। ताकि जल्द से जल्द इस योजना पर काम शुरू […]