img-fluid

सिहोरा थाने में बवाल: महिला से बदसलूकी कर पीडि़त को भगाया

June 02, 2026

  • पहले दर्शनी कॉलोनी में दबंगों ने किया हमला, फिर थाने में एसआई ने बनाई फर्जी रिपोर्ट

जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र की दर्शनी कॉलोनी में लापरवाही से ट्रक चलाने का विरोध करने पर दबंगों ने मंगल चौधरी के घर पर हमला कर तोडफ़ोड़ की, महिला से अभद्रता की और घर को आग के हवाले कर दिया। इस मामले में तब नया मोड़ आ गया जब पीडि़त परिवार ने सिहोरा थाने के एसआई पांडे पर मुख्य आरोपियों को बचाने के लिए कमजोर धाराओं में मनगढ़ंत रिपोर्ट लिखने और विरोध करने पर पीडि़त महिला की कलाई मरोड़कर थाने से बाहर निकालने का आरोप लगाया। थाने के भीतर हुई इस बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जनता में भारी आक्रोश है, जबकि पुलिस प्रशासन ने मंगल चौधरी को 12 मुकदमों का पुराना अपराधी बताते हुए सरकारी काम में बाधा डालने की बात कही है। सिहोरा की दर्शनी कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया जब तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने से मना करने पर कुछ असामाजिक तत्वों ने एक परिवार को अपना निशाना बना लिया। पीडि़त पक्ष का कहना है कि विरोध दर्ज कराने जैसी छोटी सी बात पर भड़के आरोपियों ने लामबंद होकर उनके पूरे घर को घेर लिया। हमलावरों ने न केवल घर में घुसकर जमकर तोडफ़ोड़ की बल्कि वहां मौजूद महिलाओं के साथ बेहद शर्मनाक व्यवहार भी किया। इसके बाद भी जब आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ, तो उन्होंने पूरे घर को आग के हवाले कर दिया, जिससे पीडि़त परिवार का भारी नुकसान हुआ है।



  • थाने में महिला से बदसलूकी
    घर जलने के बाद न्याय की उम्मीद लेकर जब पीडि़त परिवार सिहोरा पुलिस थाने पहुंचा, तो वहां उनके साथ और भी बुरा बर्ताव हुआ। पीडि़त मंगल चौधरी के अनुसार थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मातहत कर्मचारियों को सही धाराओं के तहत मामला दर्ज करने के स्पष्ट आदेश दिए थे। इसके बावजूद वहां तैनात सब इंस्पेक्टर पांडे ने प्रभारी के निर्देशों को ताक पर रख दिया। एसआई पर आरोप है कि उन्होंने रसूखदार आरोपियों को फायदा पहुंचाने के लिए एक मनगढ़ंत और कमजोर रिपोर्ट तैयार की। जब पीडि़त महिला ने इस फर्जीवाड़े का पुरजोर विरोध किया, तो पुलिसकर्मी ने मर्यादा भूलकर महिला की कलाई मरोड़ दी और उन्हें धक्के देकर थाने से खदेड़ दिया।

    सभी आरोप निराधार, आरोपी का पुराना रिकॉर्ड-
    इस पूरे विवाद पर पुलिस के उच्च अधिकारियों का रुख बिल्कुल अलग है। पुलिस प्रशासन ने पीडि़त परिवार द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह मनगढ़ंत और निराधार बताया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक शिकायतकर्ता मंगल चौधरी का पुराना आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ हत्या के आरोपियों को पनाह देने तथा डकैती जैसी संगीन धाराओं में पहले से ही करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अधिकारियों का तर्क है कि पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर ली थी, लेकिन शिकायतकर्ता अनुचित लाभ लेने के लिए पुलिस पर कई अज्ञात लोगों के नाम जबरन केस में शामिल करने का दबाव बना रहा था।

    विभागीय जांच के आदेश
    मामले के तूल पकडऩे और इंटरनेट पर वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थिति को संभाला है। कानून व्यवस्था और पुलिस की छवि को ध्यान में रखते हुए पूरे घटनाक्रम की एक उच्च स्तरीय विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जिले के आला अफसरों ने आश्वस्त किया है कि इस पूरे मामले के हर एक पहलू की निष्पक्षता से पड़ताल की जा रही है। जांच रिपोर्ट में यदि किसी भी स्तर पर अधीनस्थ स्टाफ की लापरवाही, पदीय मर्यादा का उल्लंघन या महिला के साथ दुर्व्यवहार की बात साबित होती है, तो दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ बेहद सख्त दंडात्मक और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

    Share:

  • कमियों और खामियों के साथ स्कूल खुलने को तैयार!

    Tue Jun 2 , 2026
    बारिश से पहले सरकारी स्कूलों में सुरक्षा इंतजाम फेल रेन वाटर हार्वेस्टिंग से लेकर जर्जर दीवारों तक सब पड़े अधूरे जबलपुर। ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद जल्द ही सरकारी स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होने जा रही है। शिक्षा विभाग जहां स्कूलों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण होने के दावे कर रहा […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved