img-fluid

सरकारी आवास योजनाएं अधूरी निजी बिल्डरों के भरोसे घर का सपना

November 14, 2026

  • जेडीए, हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम के प्रोजेक्ट निर्माण की सुस्त रफ्तार से अटके

जबलपुर। अपना घर खरीदने का सपना लेकर सरकारी आवास योजनाओं की ओर देखने वाले लोगों को फिलहाल निराशा हाथ लग रही है। जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए), हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम की आवास परियोजनाएं या तो अधूरी हैं या उनमें तैयार मकानों के विकल्प बेहद सीमित हैं। दूसरी ओर निजी रियल एस्टेट बाजार में 200 से अधिक साइट पर करीब 7 हजार संपत्तियां उपलब्ध होने का दावा किया जा रहा है। यानी सरकारी एजेंसियां जहां आवास उपलब्ध कराने की रफ्तार नहीं पकड़ पा रही हैं, वहीं निजी बिल्डर बाजार में अलग-अलग बजट के विकल्प लेकर मौजूद हैं। त्योहारी सीजन में घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के सामने सरकारी और निजी क्षेत्र के बीच विकल्पों का बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। निजी क्षेत्र में करीब 4 हजार प्लॉट, 1500 फ्लैट और 1500 डुप्लेक्स उपलब्ध बताए जा रहे हैं। इनकी कीमत 8 लाख रुपए से लेकर 2 करोड़ रुपए तक है। कटंगी, पाटन मार्ग, तिलहरी, बिलहरी और बरेला मार्ग जैसे क्षेत्रों में अलग-अलग बजट और जरूरत के हिसाब से संपत्तियों के विकल्प मौजूद हैं।


  • जेडीए की नई योजनाएं जमीन पर रफ्तार नहीं पकड़ पाईं
    जेडीए की पुरानी योजनाओं बाजनामठ और शताब्दीपुरम में गिनती के फ्लैट उपलब्ध हैं, जबकि संजीवनी नगर में कुछ प्लॉट ही शेष बताए जा रहे हैं। प्राधिकरण की नई योजनाओं 64, 65, टीडीएस-2 और टीडीएस-3 में अभी बुनियादी ढांचे के विकास का काम शुरुआती चरण में है। मुख्य सड़क, सेक्टर सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के बाद ही आवास निर्माण सहित दूसरे काम आगे बढ़ सकेंगे। ऐसे में इन योजनाओं में घर खरीदने की इच्छा रखने वालों को तैयार मकानों के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।

    नगर निगम के 4700 भवन अधूरे, हितग्राहियों को इंतजार
    नगर निगम की आवास योजनाओं के तहत तेवर, परसवारा और मोहनिया में बहुमंजिला भवनों का निर्माण अधूरा पड़ा है। इन परियोजनाओं में करीब 4700 भवनों का काम पूरा होने का इंतजार है। निर्माण में देरी के कारण संभावित हितग्राहियों को तैयार मकान नहीं मिल पा रहे हैं। कॉलोनी सेल के प्रभारी सुनील दुबे का कहना है कि निर्माणाधीन बहुमंजिला भवनों का काम पूरा कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि शेष कार्य पूरे हो सकें।

    हाउसिंग बोर्ड के पास भी सीमित विकल्प
    हाउसिंग बोर्ड की हाथीताल कॉलोनी में पुराने बहुमंजिला भवनों को तोड़कर नए फ्लैट बनाए गए हैं, लेकिन इनमें से कुछ ही फ्लैट उपलब्ध हैं। इनकी कीमत भी आम बजट वाले खरीदारों के लिए चुनौती मानी जा रही है। बिलहरी में प्रस्तावित सेटेलाइट सिटी और धनवंतरि परियोजना का काम भी अब तक शुरू नहीं हो सका है। कार्यपालन यंत्री प्रवीण पोरवाल के अनुसार हाथीताल कॉलोनी में उपलब्ध फ्लैटों के लिए जल्द ही बोली आमंत्रित करने संबंधी प्रस्ताव जारी किया जाना है। नई आवास योजनाओं पर भी काम शुरू करने की तैयारी है।

    निजी बाजार में बजट के अनुसार विकल्प

    • निजी क्षेत्र में उपलब्ध संपत्तियों का ब्यौरा अलग-अलग श्रेणियों में इस प्रकार बताया जा रहा है।
    • प्लॉट: करीब 4 हजार, कीमत 8-10 लाख से 50 लाख तक, आकार 800 से 1000 वर्गफीट।
    • फ्लैट: करीब 1500, कीमत 30 लाख से 2 करोड़ तक, आकार 600 से 700 वर्गफीट।
    • डुप्लेक्स: करीब 1500, कीमत 50 लाख से 1.5 करोड़ तक, आकार 1200 से 1500 वर्गफीट।
    • क्रेडाई पदाधिकारी धीरेश खरे के अनुसार त्योहारी सीजन से पहले निजी रियल एस्टेट क्षेत्र में 200 से अधिक साइट पर 7 हजार से ज्यादा संपत्तियां उपलब्ध हैं। इनमें प्लॉट, फ्लैट और डुप्लेक्स शामिल हैं।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved