
जबलपुर। शहर में संचालित पैथोलॉजी लैबों की व्यवस्था और उनके दस्तावेजों की जांच में बड़ी लापरवाही सामने आई है। नेपियर टाउन स्थित लाल पैथ लैब्स जांच दल के सामने अपने संचालन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। न तो लैब का संबंधित परिसर से जुड़ा पंजीयन मिला और न ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय का पंजीयन और अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) उपलब्ध था।
इसके अलावा दूसरे जिलों से भी सैंपल आने की जानकारी सामने आई, लेकिन इसके लिए भी लैब के पास विधिवत अनुमति नहीं थी। इन अनियमितताओं के चलते सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी के आदेश पर लैब का लाइसेंस सात दिनों के लिए अस्थायी रूप से निरस्त कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, सीएमएचओ के निर्देश पर चार सदस्यीय जांच दल ने 46 नेपियर टाउन, रसल चौक स्थित मार्बल सिटी हॉस्पिटल के सामने संचालित लाल पैथ लैब्स का निरीक्षण किया। जांच दल ने लैब संचालक से संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज मांगे, लेकिन संचालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में यह भी सामने आया कि जिस स्थान पर लैब संचालित की जा रही थी, उस परिसर से संबंधित पंजीयन भी उपलब्ध नहीं था।
दूसरे जिलों से आ रहे थे सैंपल, अनुमति का पता नहीं
निरीक्षण के दौरान लैब में सैंपल कलेक्शन सेंटरों से संबंधित जानकारी भी नहीं दी गई। जांच दल के सामने यह तथ्य भी आया कि लैब में जिले के बाहर से सैंपल भेजे जा रहे थे, जबकि इसके लिए आवश्यक विधिवत अनुमति भी उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में लैब के संचालन, पंजीयन और सैंपल संग्रहण की व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए। जांच दल की सहमति और सीएमएचओ के आदेश के बाद 13 नवंबर 2026 से आगामी सात दिनों तक लैब का लाइसेंस अस्थायी रूप से निरस्त कर दिया गया है। कार्रवाई करने वाले दल का नेतृत्व पैथोलॉजिस्ट डॉ. अमिता जैन ने किया। दल में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. केके वर्मा, डॉ. एकांश राय, जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील और सदस्य विकास श्रीवास्तव शामिल रहे। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सात दिनों की अवधि में लैब संचालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर पाते हैं या नहीं। साथ ही जिले में संचालित अन्य पैथोलॉजी लैबों के दस्तावेजों और संचालन संबंधी नियमों की जांच भी जरूरी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved