देश राजनीति

मुख्यमंत्री ​’मिशन शक्ति’ का अलाप रहे नया राग, बेटियों के काल बनी भाजपा सरकार: अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा प्रदेश की सुख-शांति को जंगलराज की आग में जलाना चाहती है। बेटियों के लिए तो भाजपा की सरकार ‘काल’ बन गयी है। सड़क पर चलना तो दूर अपने घरों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर भी वे सुरक्षित नहीं है।

अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ‘मिशन शक्ति’ का नया राग अलापने लगे हैं। पिंक बूथ बना रहे हैं। इन टोटकों से महिलाओं को कोई राहत नहीं मिलने वाली है। इससे पहले उनका रोमियो स्क्वाड फ्लॉप साबित हो चुका है। सत्ता से विदाई की बेला में इन हथकण्डों का परिणाम शून्य ही होगा। जब सत्ता का संरक्षण रहेगा तो इस तरह के कागजी ड्रामें से क्या हासिल होगा?

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी का दावा है कि उनके रहते अपराधी या तो जेल भेज दिए गए हैं या फिर राम नाम सत्य की राह पर चले जाएंगे। उनके ठोको संदेश के बाद यह उनका दूसरा अमानवीय, अलोकतांत्रिक और विधि के विपरीत निर्देश है। उनके ‘रामराज’ का ऐसा चमत्कार है कि दो आईपीएस अफसर फरार हैं, लम्बे समय से ढूंढे नहीं मिल रहे हैं। अपराधी बेखौफ मुख्यमंत्री जी की ठोको नीति को अपनाए हुए हैं, अपहरण, लूट, हत्या की घटनाओं को अंजाम देने में कोई संकोच नहीं हैं। जब पुलिस और अपराधी मिलजुल कर काम करेंगे तो जनता की सुरक्षा का क्या होगा?

सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता में सरकार के कामकाज के प्रति कितना उबाल है इससे स्पष्ट है कि जनपदों में न्याय न मिलने, दबंगों की दबंगई पर रोक न लगने की वजह से लोग लखनऊ में विधान भवन के सामने आत्मदाह करने को मजबूर हो रहे हैं। असफल सरकार की असफल नीतियों के चलते कानून व्यवस्था पर शासन-प्रशासन का नियंत्रण नहीं है। सरकार खुद अपराधियों की ढाल बन रही है। सच तो यह है कि मुख्यमंत्री जी के पास प्रदेश को विकास और सुरक्षा के रास्ते पर ले जाने का कोई रोडमैप ही नहीं है। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

देश का विदेशी मुद्रा भंडार 3.61 अरब डॉलर बढ़ा, अब 555 अरब डॉलर के पार

Sat Oct 24 , 2020
नई दिल्ली। विदेशी मुद्रा भंडार देश का 16 अक्टूबर 2020 को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान 3.61 अरब डालर की बढ़ोतरी के साथ 555 अरब डॉलर के पार पहुंच गया। यह लगातार तीसरा सप्ताह है जब इसमें वृद्धि दर्ज हुई है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक 16 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह […]