
उज्जैन। गोधन आज का सबसे बड़ा धन है। और अब राज्य शासन गोवर्धन पूजा को मध्यप्रदेश में शासकीय पूजा बना रहा है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तिलकेश्वर महादेव मंदिर गौशाला में गोवर्धन पूजा के बाद कही। आपने कहा कलयुग में गाय का दूध अमृत है और इस अमृत का पान करना चाहिए, गोधन एक ऐसा धन है जिसकी हर चीज औषधि और समाज उत्थान का कार्य करती है, इसलिए हमने प्रदेश शासन में गोवर्धन पूजा को शासकीय पूजा का रूप दिया है।
इतना ही नहीं गौशाला में जो गाय पाल रही है उनका अनुदान बढ़ाया गया है। इससे गौशाला संचालकों को काफी मदद मिलेगी। हम गोवर्धन पूजा कर रहे हैं तो हमारे एक कांग्रेसी मित्र सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार की टिप्पणी कर रहे हैं और एक तरह से इसका विरोध कर रहे हैं। वह और उनके नेता जो दिल्ली में बैठे हैं वह हमेशा से विरोध करते आ रहे हैं। आप जनता से मैं निवेदन करता हूँ कि ऐसे लोगों को चिन्हित करें और समय आने पर इन्हें दंडित भी करें, ताकि ऐसे लोगों की प्रवृत्ति ठीक हो सके। कार्यक्रम को राज्यसभा सांसद बाल योगी उमेशनाथ महाराज ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सांसद अनिल फिरोजिया, नगर निगम सभापति कलावती यादव, महापौर मुकेश टटवाल, भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक जोशी, पीर योगी रामनाथ महाराज उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान गोवर्धन पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने सभी गोधन को चारा एवं अन्य खाद्य सामग्री खिलाई एवं तिलकेश्वर मंदिर में पंचामृत अभिषेक भी किया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved