
उज्जैन। शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम पर आगामी त्योहारों एवं आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण तरीके से मनाने के लिए शांति समिति की बैठक रखी गई जिसमें नगर निगम सभापति ने कहा कि दुर्घटना में घायल को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने और ईलाज में मदद करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने की। बैठक के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। समिति सदस्यों ने लाउडस्पीकर, डीजे संबंधी, होली पर पेयजल प्रदाय की व्यवस्था, पारंपरिक गैरों सम्बंधित आवश्यक सुझाव दिए। बैठक में महाकाल मंदिर के पुजारी आशीष गुरु ने बताया कि महाकाल मंदिर द्वारा दिए गए हर्बल कलर से 3 मार्च को मंदिर में होली खेली जाएगी। कलेक्टर श्री सिंह ने शांति समिति के सदस्यों से अपील की कि वे आपसी समन्वय और संवाद बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह और सोशल मीडिया पर कोई भी भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और समुदायों के सहयोग से ही जिले में सभी पर्व संपन्न होंगे। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि त्यौहारों के दौरान प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। साथ ही, डायल 100 और कंट्रोल रूम को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा। बैठक में नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव ने जानकारी दी कि पीएम राहत योजना में सड़क दुर्घटना में घायल नागरिकों को गोल्डन ऑवर में हॉस्पिटल पहुंचाने वाले या उनकी इलाज में मदद करने वाले नागरिकों को पुरस्कृत किया जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री शर्मा ने बैठक में बताया कि पीएम राहत योजना में सड़क दुर्घटनाओं में मदद करने वाले नागरिकों से पुलिस द्वारा कोई पूछताछ नहीं की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, सभी धर्मों के प्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved