
नई दिल्ली। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत (Chief Justice of India Surya Kant) की ‘कॉकरोच’ (Cockroach) वाली टिप्पणी एक बार फिर चर्चा में है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक और राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दीपके (Abhijeet Deepke) ने दावा किया है कि यह टिप्पणी किसी सामान्य वर्ग या सभी युवाओं के लिए नहीं, बल्कि सीजेपी प्रवक्ता सौरभ दास (Saurabh Das) को लेकर की गई थी। दास ने भी माना कि उस समय वकीलों और रिटायर्ड जजों से उन्हें ऐसी ही प्रतिक्रिया मिली थी।
दीपके बोले- ‘ओजी कॉकरोच’ सौरभ दास थे
एक इंटरव्यू के दौरान सौरभ दास ने अपने पत्रकारिता करियर और कानून व जजों से जुड़े विषयों पर लिखने का जिक्र किया। इसी दौरान अभिजीत दीपके ने कहा कि सीजेआई ने जिस ‘कॉकरोच’ शब्द का इस्तेमाल किया था, वह सौरभ दास के लिए था।
दीपके ने कहा, “जो कॉकरोच शब्द यूज किया गया था वह सौरभ के लिए किया गया था। यह ओजी कॉकरोच है।” उनके मुताबिक उस समय सौरभ दास ही सबसे ज्यादा इस विषय पर लिख रहे थे।
दास बोले- उस समय जजों और वकीलों ने मुझसे संपर्क किया
सौरभ दास ने बताया कि उस समय कुछ वकीलों और रिटायर्ड जजों ने उनसे संपर्क कर कहा था कि यह टिप्पणी संभवत: उनके लिए की गई है। दास के मुताबिक वह उस समय ‘कारवां’ मैगजीन के लिए सीजेआई सूर्यकांत पर एक प्रोफाइल लिख रहे थे। इससे पहले उन्होंने पूर्व सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ पर भी प्रोफाइल लिखा था।
दास ने बताया कि इस सिलसिले में उन्होंने कुछ आरटीआई आवेदन भी दाखिल किए थे। इसी दौरान सीजेआई की ओर से युवाओं के प्रोफेशन छोड़कर मीडिया और आरटीआई एक्टिविज्म की ओर आने को लेकर टिप्पणी की गई थी।
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि ‘कॉकरोच’ टिप्पणी उनके लिए ही थी, तो उन्होंने कहा कि उन्हें निश्चित तौर पर पता नहीं, लेकिन “हां, हो सकता है।”
सीजेआई ने कहा था- मेरी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया गया
दरअसल, एक मामले की सुनवाई के दौरान सीजेआई सूर्यकांत की मौखिक टिप्पणी को मीडिया के एक हिस्से में बेरोजगार युवाओं के खिलाफ टिप्पणी के तौर पर प्रचारित किया गया था। बाद में सीजेआई ने अदालत में इस पर स्पष्टीकरण दिया।
उन्होंने कहा था कि उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया गया। उनके मुताबिक उन्होंने फर्जी डिग्रियों के जरिए वकालत जैसे पेशों में प्रवेश करने वालों की आलोचना की थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि यह कहना गलत है कि उन्होंने देश के युवाओं की आलोचना की।
‘कॉकरोच’ टिप्पणी से बनी कॉकरोच जनता पार्टी
सीजेआई की इसी टिप्पणी के बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर लिखा था- “क्या होगा यदि सारे कॉकरोच एकत्रित हो जाएं।” इसके बाद उन्होंने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के नाम से एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल बनाया।
दावे के मुताबिक इंस्टाग्राम पर कुछ ही दिनों में करीब 2.5 करोड़ फॉलोअर्स होने के बाद दीपके चर्चा में आ गए। इसके बाद वह अमेरिका से भारत लौटे और नीट पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन भी खड़ा किया।
इस पूरे मामले में ‘कॉकरोच’ टिप्पणी का वास्तविक संदर्भ क्या था, इसे लेकर दीपके और दास ने अपना पक्ष रखा है। हालांकि, सीजेआई सूर्यकांत की ओर से यह पुष्टि नहीं की गई है कि टिप्पणी विशेष रूप से सौरभ दास के लिए ही की गई थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved