भोपाल। गोरा बनाने का दावा करने वाली एक पाकिस्तानी ब्यूटी क्रीम (Pakistani beauty cream) को लेकर मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दावा किया जा रहा है कि इस क्रीम के इस्तेमाल से किडनी को नुकसान पहुंच सकता है। महाराष्ट्र में इसके इस्तेमाल से 18 से अधिक महिलाओं के बीमार होने की शिकायतों के बाद राज्य सरकार और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने इस पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बावजूद मध्य प्रदेश में यह क्रीम स्थानीय बाजारों के साथ ऑनलाइन ई-कॉमर्स वेबसाइट और सोशल मीडिया के जरिए आसानी से उपलब्ध होने की बात सामने आई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दलाल के माध्यम से 380 रुपये में यह क्रीम खरीदी। भोपाल सहित प्रदेश के कई इलाकों में इसकी बिक्री होने की जानकारी भी सामने आई है।
लैब जांच में पारे की अत्यधिक मात्रा मिलने का दावा
सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि एफडीए की लैब जांच में क्रीम में पारे की मात्रा 5,700 पीपीएम पाई गई, जबकि सुरक्षित सीमा एक पीपीएम बताई गई है। डॉक्टरों के मुताबिक, त्वचा के रास्ते शरीर में पहुंचने वाला पारा किडनी को नुकसान पहुंचा सकता है। इसके अलावा इससे त्वचा संबंधी गंभीर समस्याएं और तंत्रिका तंत्र पर प्रतिकूल असर पड़ने का खतरा भी रहता है।
भारत और पाकिस्तान के बीच व्यापार पर प्रतिबंध के बावजूद कथित तौर पर पाकिस्तान में बनी यह क्रीम भारतीय बाजारों तक कैसे पहुंच रही है, इसको लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इसकी आपूर्ति और वितरण के नेटवर्क की जांच की मांग की जा रही है।
खबर के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने लिया संज्ञान
मामला सामने आने के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने संज्ञान लिया है। पुलिस और संबंधित विभागों को क्रीम की बिक्री, आपूर्ति और उसके संभावित दुष्प्रभावों की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि जानकारी मिली है कि इस क्रीम का इस्तेमाल करने वाली कुछ महिलाओं को दुष्प्रभाव हुए हैं और यह किडनी पर असर डाल सकती है। महाराष्ट्र में इस मामले में कार्रवाई की गई है। मध्य प्रदेश में भी पहले इसकी जांच कराई जाएगी कि क्रीम कहां से आई और किसके माध्यम से इसकी आपूर्ति की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में क्रीम के हानिकारक होने की पुष्टि होती है तो इस पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाएगा और बाजार से इसे जब्त किया जाएगा। भोपाल पुलिस कमिश्नर को तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित विभाग भी इसकी पड़ताल करेंगे। क्रीम के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर के साथ-साथ इसकी सप्लाई चेन का पता लगाया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved