img-fluid

स्वच्छ सर्वेक्षण में एमपी का जलवा, 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में जबलपुर दूसरे नंबर पर, देवास-रीवा भी छाए

November 11, 2026

इंदौर। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आज आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में मध्यप्रदेश का दबदबा देखने को मिला। प्रदेश के नौ नगरीय निकायों ने अलग-अलग श्रेणियों में राष्ट्रीय सम्मान हासिल कर स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी उपलब्धि दर्ज कराई। 10 लाख से अधिक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जबलपुर देश में दूसरे स्थान पर रहा, जबकि तीन लाख तक की आबादी वाले शहरों में उज्जैन और एक लाख तक की आबादी वाले शहरों में देवास ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं, इंदौर और उसके मेंटर शहर देपालपुर को सुपर स्वच्छ जोड़ी के सम्मान से नवाजा गया।

जबलपुर ने हासिल किया दूसरा स्थान
जबलपुर ने 10 लाख से अधिक की आबादी वाले शहर में देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस श्रेणी में विशाखापत्तनम पहले और लखनऊ तीसरे स्थान पर रहा। जबलपुर की यह उपलब्धि प्रदेश के लिए खास है। वहीं, ग्वालियर ने भी देश के शीर्ष-10 स्वच्छ शहरों में अपनी जगह बनाई है।

उज्जैन और देवास ने अपनी श्रेणी में मारी बाजी
उज्जैन ने तीन लाख तक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, देवास एक लाख तक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में अव्वल रहा। दोनों शहरों को सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए कार्यों के आधार पर यह उपलब्धि मिली है।

इंदौर के साथ देपालपुर को भी मिला पुरस्कार
इंदौर को सुपर स्वच्छ लीग में जगह मिली है। इस बार उसकी उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि उसके मेंटर शहर देपालपुर को भी राष्ट्रीय सम्मान मिला है। देपालपुर ने 20 हजार तक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया।

भोपाल पुरस्कारों की सूची से बाहर
बड़ी बात ये रही कि प्रदेश के नौ शहरों को राष्ट्रीय सम्मान मिला है, लेकिन राजधानी भोपाल इस बार किसी भी पुरस्कार श्रेणी में जगह नहीं बना सकी। भोपाल के साथ उसकी मेंटर नगर परिषद बैरसिया भी पुरस्कार पाने वाले निकायों में शामिल नहीं हो सकी। आदमपुर में पुराने कचरे का ढेर और कचरा प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियां राजधानी की स्वच्छता व्यवस्था के सामने बड़ी समस्या बनी हुई हैं। पिछली स्वच्छता रैंकिंग में भोपाल ने देश के दूसरे सबसे स्वच्छ शहर का स्थान हासिल किया था।

4909 शहरों के प्रदर्शन का हुआ आकलन
स्वच्छ सर्वेक्षण के इस संस्करण में देशभर के 4909 शहरों के प्रदर्शन का आकलन किया गया। शहरों को 43 संकेतकों के आधार पर परखा गया। इनमें घरों से कचरा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण, कचरे का परिवहन, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, स्वच्छता सुविधाएं और नागरिकों की प्रतिक्रिया जैसे बिंदु शामिल थे।

Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved