भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

जन कल्याण की योजनाओं को न रोकें कलेक्टर

  • मुख्यमंत्री ने कहा पेयजल प्रबंधन, उर्वरक वितरण, कन्या विवाह के काम बाधित न हों

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व से संचालित विकास कार्यों और जन-कल्याण से जुड़ी योजनाओं के यथासमय क्रियान्वयन के निर्देश प्रदेश के सभी जिला कलेक्टर को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत एवं नगरीय निकायों के निर्वाचन के लिए आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील होने के बावजूद प्रगतिरत कार्य यथावत जारी रहते हैं। लोकहितकारी योजनाओं के संचालन को संहिता के प्रावधानों का पालन करते हुए जारी रखना है। नई घोषणा या नई प्रशासकीय स्वीकृति न दी जाए, लेकिन पहले से चल रहे कार्यों को न रोका जाए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में पूर्व से स्वीकृत कार्यों और योजनाओं के अमल को रोका जाना उचित नहीं है। संहिता के अनुसार नई स्वीकृतियाँ नहीं दी जानी चाहिए। लेकिन पंचायत एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में लोकहित के कार्य जारी रहें और हम आदर्श आचार संहिता का पालन भी करें, यह आवश्यक है। निर्वाचन की घोषणा होने तक जो कार्य प्रारंभ नहीं हुए हो, उन्हें भी प्रारंभ नहीं किया जाना चाहिए। इसी तरह जनोपयोगी सुविधा का शिलान्यास या उद्घाटन नहीं किया जाना चाहिए। कन्या विवाह योजना में भी मुख्य अतिथि के बिना कलेक्टर्स स्वयं इसके क्रियान्वयन को सुनिश्चित कर सकते हैं।


पेयजल प्रबंध और जलाभिषेक अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी मानसून प्रारंभ नहीं हुआ है। गर्मी के कारण ग्रामीण और नगरीय निकाय क्षेत्रों में पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था के लिए उपलब्ध स्त्रोतों या परिवहन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाए। जल जीवन मिशन के अंतर्गत चालू किए गए कनेक्शन में निरंतर जल आपूर्ति होती रहे। हैण्डपम्प सुधार कार्य और संधारण के लिए भी प्रयास हों। जलाभिषेक अभियान में प्रारंभ किए गए और जून 2022 तक लक्षित अन्य कार्यों को मानसून के पहले पूर्ण कर लिया जाये। आगामी 22 जून को प्रधानमंत्री प्रगति की समीक्षा के अंतर्गत अमृत सरोवर की समीक्षा करेंगे। प्रदेश में आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर जिन अमृत सरोवरों के निर्माण के कार्य चल रहे हैं, उन्हें जारी रखा जाए। यह सरोवर देशभक्ति के प्रेरक स्थल और तीर्थ स्थल बन जाएं, इस दृष्टि से कार्यों को जारी रखना आवश्यक है। स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर इन सरोवरों के पास राष्ट्रध्वज भी फहराया जाएगा। इसी तरह पुष्कर धरोहर समृद्धि अभियान के कार्य पूरे कर विधिवत दस्तावेजीकरण भी किया जाए। इस अभियान में सुधारी गई जल-संरचनाओं का लाभ सिंचाई, मत्स्य-पालन, सिंघाड़ा उत्पादन के लिए लिया जा सके, इसके लिए पूर्व से संचालित गतिविधियों को जारी रखा जाए।

खाद-बीज का वितरण ठीक से कराएं
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि खरीफ सीजन में फसलों की बुवाई के लिए कम समय ही उपलब्ध होता है, जिसमें किसान अपने खेतों में बुवाई करते हैं। इस दृष्टि से जून और जुलाई माह खरीफ फसलों की बुवाई और कृषि आदान की व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। प्रदेश में पर्याप्त उर्वरक, बीज उपलब्ध हैं। आवश्यक अग्रिम भंडारण भी किया गया है। कलेक्टर्स यह सुनिश्चित करें कि आवश्यक उर्वरक उपलब्ध कराए जाएं। प्राकृतिक कृषि और फसलों के विविधीकरण से संबंधित पूर्व से संचालित कार्यों को भी नहीं रोका जाना चाहिए। इसी तरह भारत सरकार द्वारा उर्वरकों पर सब्सिडी की बढ़ाई गई राशि के प्रकाश में कलेक्टर्स कार्यवाही सुनिश्चित करें और यह देखें कि कहीं भी उर्वरकों की कालाबाजारी न हो।

Share:

Next Post

9वीं और 11वीं की पूरक परीक्षा 13 की बजाय 27 जून से

Thu Jun 9 , 2022
रुक जाना नहीं योजना के कारण किया गया बदलाव भोपाल। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा कक्षा 9वीं और कक्षा 11वीं की पूरक परीक्षा का संसोधित कार्यक्रम जारी किया है। ये परीक्षा 13 जून से 20 जून के बीच पहले तय थी लेकिन रुक जाना नहीं योजना के तहत परीक्षाएं संचालित होने की वजह से विभाग ने […]