इंदौर न्यूज़ (Indore News)

कांग्रेस के सोशल मीडिया से जुड़े फूलछाप कांग्रेसी अब बाहर होंगे

  • प्रदेश कांग्रेस ने आईटी सेल को निर्देश जारी किया, निगरानी के लिए शीघ्र कमेटी भी बनेगी

इन्दौर। कांग्रेस के सोशल मीडिया से जुड़े ग्रुपों में अब भाजपा की मानसिकता रखने वाले फूलछाप कांग्रेसी बाहर होंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आईटी सेल को इस बारे में निर्देश जारी कर दिए हैं। कांग्रेस के सोशल मीडिया के ग्रुप के लिए जिला स्तर पर प्रभारियों की नियुक्तियां भी की जा रही हैं।



प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ के समक्ष कांग्रेस से जुड़े कुछ लोगों ने यह बात लाई कि भाजपा के सोशल मीडिया से मुकाबला करने के लिए कांग्रेस की आईटी सेल भी दमदारी से मैदान में डटी हुई है, मगर कांग्रेस के सोशल मीडिया से जुड़े ग्रुप जैसे व्हाट्सऐप, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम में कई ऐसे कांग्रेसी भी हैं या भाजपा से जुड़े लोग भी हैं, जो ग्रुप के सदस्य हैं। कांग्रेस के ही ग्रुप में रहकर ये लोग कांग्रेस की खिलाफत करते हैं और कांग्रेस की रीति-नीतियों से जुड़े जो संदेश होते हैं, उनकी जानकारी भाजपाइयों तक पहुंचा देते हैं, ताकि कांग्रेस के संदेशों का भाजपा अच्छे से मुकाबला कर सके। इस बात की जानकारी मिलने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कांग्रेस आईटी सेल को निर्देश जारी किया है कि कांग्रेस के सोशल मीडिया ग्रुप से जुड़े फूलछाप कांग्रेसियों को तत्काल बाहर किया जाए। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के इन ग्रुपों में अभी कई ऐसे लोग भी जुड़े हुए हैं, जो भाजपा नेताओं के साथ मिलकर व्यापार-व्यवसाय करते हैं। वहीं कांग्रेस की सरकार गिराने में शामिल सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके समर्थक विधायकों से जुड़े लोग भी कांग्रेस के ग्रुपों के सदस्य बने हुए हैं। इन सभी लोगों को बाहर किया जाएगा। वहीं इन ग्रुपों की निगरानी के लिए जिला स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति भी की जाएगी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने स्वीकार किया है कि अभी कांग्रेस में रहकर कई लोग भाजपा की मानसिकता रखते हैं और समय-समय पर कांग्रेसियों की जानकारी भाजपाइयों तक पहुंचाते हैं। ऐसे लोगों को पार्टी से बाहर करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

Share:

Next Post

आज है पौष माह की पूर्णिमा, जानें पूजा विधि और महत्‍व

Thu Jan 28 , 2021
आज पौष पूर्णिमा है। आज के दिन का महत्व अत्याधिक होता है। इस दिन अगर कोई व्यक्ति गंगा स्नान करता है तो उसकी सभी मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं। कहा तो यह भी जाता है कि व्यक्ति के जन्म-मरण के बंधन से भी छूट जाता है। मान्यता है कि अस दिन सूर्यदेव को अर्घ्य दिया […]