img-fluid

संविधान हमारा पथप्रदर्शक… इसमें हमारी समृद्ध परंपराओं को दिया गया भरपूर स्थानः पीएम मोदी

November 26, 2026

नई दिल्ली। वर्ष 1949 में आज ही (26 नवंबर) के दिन संविधान सभा (Constituent Assembly) ने हमारे संविधान (Constitution) को अंगीकार किया था। आज हम डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों का स्मरण करते हैं। उन्होंने एक आधुनिक संविधान के निर्माण में भारत (India) की समृद्ध परंपराओं (Rich Traditions) और हमारी सभ्यता के अनुभव को भरपूर स्थान दिया।

भारत जैसे विविधताओं से भरे देश में, जहां अनेक पंथ, भाषाएं, रीति-रिवाज और विचार परंपराएं हैं, वहां यह बहुत जरूरी है कि संविधान की गूंज संसद और अदालतों की चारदीवारी से कहीं आगे तक पहुंचे। हमारा प्रयास रहा है कि जन-जन की चेतना से, विशेषकर युवाओं से संविधान का जुड़ाव और गहरा हो। इसी सोच के साथ एक दशक पहले हमारी सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने का निर्णय लिया था।


  • हमारा संविधान मेरे साथ करोड़ों भारतीयों की जीवन यात्रा का एक अभिन्न हिस्सा है। एक साधारण परिवार में जन्मा बालक, जिसे विरासत में कोई सुविधा नहीं मिली, एक दिन दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा का दायित्व संभाल सकता है, यह हमारे संविधान की असाधारण शक्ति का प्रमाण है। विश्व बैंक की हाल में आई एक रिपोर्ट बताती है कि भारत के करीब 50 करोड़ लोग अत्यंत गरीबी से बाहर निकले हैं। जब प्रधानमंत्री आवास योजना से किसी परिवार को पक्के मकान में गृह प्रवेश का अवसर मिलता है, तब गरिमापूर्ण जीवन का सांविधानिक संकल्प सही मायनों में साकार होता है। जब उज्ज्वला योजना किसी मां को धुएं से भरी रसोई से मुक्ति दिलाती है, तब हम समानता और जनकल्याण के आदर्शों को आगे बढ़ाते हैं। जब आयुष्मान भारत की वजह से किसी गरीब परिवार को कर्ज की चिंता किए बिना अच्छा इलाज मिलता है, तब सामाजिक न्याय का संकल्प साकार होता है। जब मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि के तहत छोटे उद्यमियों और रेहड़ी-पटरी वालों को बिना गारंटी के ऋण मिलता है, तब आर्थिक न्याय की भावना जमीन पर उतरती है। जब डिजिटल टेक्नोलॉजी, रुपे कार्ड और यूपीआई जैसे प्लेटफॉर्म तक हर नागरिक की पहुंच होती है, तब समावेशिता का आदर्श साकार होता है।

    हमारी सरकार द्वारा किए गए संविधान संशोधनों को भी इसी दृष्टिकोण से देखा जा सकता है। 101वें संविधान संशोधन से जीएसटी जैसे बड़े सुधार का रास्ता खुला, जिसका लंबे समय से इंतजार था। 102वें संविधान संशोधन के माध्यम से राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को सांविधानिक दर्जा मिला। इससे वंचित वर्गों का वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ। 103वें संविधान संशोधन के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई। इससे लंबे समय तक आरक्षण व्यवस्था के दायरे से बाहर रहने वाले समुदायों को लाभ हुआ।

    आज हमारा संविधान आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध है। इससे यह लोगों के और करीब आया है। 1860 के दशक (गुलामी के दौर) में बनी दंड संहिता को खत्म कर भारतीय न्याय संहिता के माध्यम से हमने अपने क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम में मौलिक बदलाव लाने का प्रयास किया है। बीते एक दशक में स्वच्छ भारत से लेकर जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण तक, अनेक जनांदोलनों में हमें नागरिक कर्तव्यों की भावना के दर्शन हुए हैं। लेकिन ऐसे अवसर भी आए, जब उन्हीं लोगों ने संविधान को कमजोर करने का रास्ता चुना, जिन पर इसकी रक्षा का दायित्व था।

    इस वर्ष, 1951 में हुए पहले संविधान संशोधन के 75 साल पूरे हो चुके हैं। उस समय देश में एक ऐसी सरकार थी, जिसे जनता ने चुनकर नहीं भेजा था। उस सरकार ने अंतरिम संसद में अपने बहुमत का इस्तेमाल करके नागरिकों की मौलिक आजादी छीन ली थी। साफ है कि इसका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करना और लोगों के विरोध की आवाज को दबाना था। इसी प्रकार आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन ने न्यायिक समीक्षा की शक्ति को सीमित किया और संस्थाओं के बीच शक्तियों के संतुलन को बुनियादी रूप से बदल दिया।

    मैं युवाओं से आग्रह करूंगा कि वे 38वें और 39वें संशोधनों का भी अध्ययन करें, ताकि समझ सकें कि सत्ता की लालची और संविधान-विरोधी सोच रखने वाली सरकार किस स्तर तक जा सकती है। चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए बार-बार आर्टिकल 356 का दुरुपयोग किया गया। एक राजनीतिक दल के नाम करीब सौ बार आर्टिकल 356 थोपने का रिकॉर्ड दर्ज है। संविधान निर्माताओं की अपेक्षा थी कि पूरे भारत में संविधान अपने मूल स्वरूप और मूल भावना के साथ लागू हो। लेकिन 70 साल से भी अधिक समय तक आर्टिकल 370 और 35-ए के कारण जम्मू-कश्मीर में हमारा पूरा संविधान लागू नहीं हो पाया। वहां एससी, एसटी, ओबीसी समाज और महिलाओं के अधिकारों का हनन होता रहा। 2019 में जाकर इस ऐतिहासिक अन्याय का अंत हुआ।

    दशकों तक देश के अनेक हिस्सों, खासकर आदिवासी क्षेत्रों में, नक्सलियों ने बंदूक के दम पर सबसे गरीब व्यक्ति को संविधान प्रदत्त अधिकारों से वंचित रखा। इस वर्ष नक्सलवाद के खात्मे से मुझे विशेष संतोष मिला है। अब केवल दिमागी नक्सली बचे हैं, जो आज के दौर की वास्तविकताओं से कोसों दूर हैं और देश की विकास यात्रा को पटरी से उतारने में लगातार जुटे हैं। विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी ओबीसी आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर पूरी तरह इसके खिलाफ थे। हमारे संविधान की यात्रा उन असाधारण महिलाओं के स्मरण के बिना भी अधूरी है, जिन्होंने इसे आकार देने में अहम भूमिका निभाई। लेकिन इस साल के शुरू में जो हुआ, उसने हम सभी को शर्मसार कर दिया। नारीशक्ति को विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से लाए गए विधेयक को विपक्ष के एक प्रमुख दल ने पारित नहीं होने दिया। मैं देश की नारीशक्ति को भरोसा दिलाता हूं कि उन्हें न्याय दिलाने के हमारे संकल्प को दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती। सांविधानिक लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका स्पष्ट रूप से तय है। दुर्भाग्य से विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी आज अवरोध पक्ष बनती जा रही है। उसे समझना चाहिए कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बाधा डालना, सांविधानिक जिम्मेदारियां निभाने का विकल्प कभी नहीं हो सकता।

    आज भारत एक अहम मोड़ पर खड़ा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के हमारे सामूहिक प्रयासों को दो सरल, लेकिन शक्तिशाली मंत्र दिशा दे सकते हैं… हमारी सोच में ‘राष्ट्र प्रथम’ और हर कार्य में ‘कर्तव्य भाव’। इन दो मंत्रों को अपना मार्गदर्शक बनाकर और संविधान से शक्ति लेते हुए हम आने वाली पीढ़ियों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित कर सकते हैं।

    Share:

  • स्विट्जरलैंड पर भड़के किम जोंग उन, प्योंगयांग में राजनयिक कार्यालय बंद करने का आदेश

    Thu Nov 26 , 2026
    प्योंगयांग। उत्तर कोरिया (North Korea) और स्विट्जरलैंड (Switzerland) के बीच राजनयिक तनाव बढ़ गया है। उत्तर कोरिया ने स्विट्जरलैंड के राजनयिक प्रतिनिधि को 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया है। साथ ही प्योंगयांग स्थित स्विस राजनयिक कार्यालय (Diplomatic Office) बंद करने को कहा है। विवाद की वजह उत्तर कोरिया के वॉनसन स्थित […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved