हावड़ा। पश्चिम बंगाल (West Bengal) के हावड़ा स्थित बेलूर बाजार में गणेश पूजा की एक थीम को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। शिवचंद्र चटर्जी स्ट्रीट (Shivchandra Chatterjee Street) में आयोजित गणेश पूजा (Ganesh Puja) में इस बार ‘हिंदू राष्ट्र’ को थीम बनाया गया है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भगवान गणेश को एक साथ बैठकर चाय पीते हुए दिखाया गया है। थीम को ‘चाय पे चर्चा’ (Chai pe Charcha) का नाम दिया गया है। मामला सामने आने के बाद राजनीतिक दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।
पूजा पंडाल की थीम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भगवान गणेश के हाथों में चाय के कप दिखाए गए हैं। दोनों के पीछे दीवार पर ‘हिंदू राष्ट्र’ लिखा गया है। वहीं, एक तरफ भारत का नक्शा और उसके पास हिंदू ध्वज भी लगाया गया है। पूजा की यह थीम सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद राजनीतिक बहस तेज हो गई।
आयोजक बोले- किसी धर्म को ठेस पहुंचाने की मंशा नहीं
पूजा के आयोजक और पेशे से प्रमोटर खोकन कांरा ने कहा कि वह लंबे समय से गणेश पूजा का आयोजन करते आ रहे हैं और हर साल अलग-अलग थीम तैयार करते हैं। उनके मुताबिक, इस बार की थीम भी उनकी अपनी कल्पना है और लोगों की ओर से इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
खोकन कांरा ने कहा, “मेरी मंशा किसी भी धर्म को आहत करने की नहीं है।” उन्होंने बीजेपी से जुड़ाव के कारण थीम तैयार किए जाने के आरोपों को भी गलत बताया। उनके अनुसार, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्र और भगवान गणेश को धर्म के प्रतीक के तौर पर देखते हुए यह थीम तैयार की है।
नव तृणमूल के अध्यक्ष और मध्य हावड़ा के विधायक अरूप रॉय ने थीम को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग खुद को नया बीजेपी वाला बताकर इस तरह प्रधानमंत्री को खुश करने की कोशिश कर रहे हैं।
अरूप रॉय ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि बीजेपी या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस आयोजन की जानकारी है या नहीं। उन्होंने कहा कि जिन्होंने यह थीम तैयार की है, उनके खिलाफ जिला और प्रदेश बीजेपी को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
बीजेपी बोली- इसमें गलत क्या है
हावड़ा जिला बीजेपी के सचिव ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है कि इस तरह का आयोजन किन लोगों ने किया है, लेकिन उन्हें इसमें कुछ गलत नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में अलग-अलग त्योहारों और पूजा आयोजनों में विभिन्न तरह की थीम देखने को मिलती हैं।
ओमप्रकाश सिंह ने दुर्गा पूजा का उदाहरण देते हुए कहा कि हर साल अलग-अलग विषयों पर थीम आधारित पूजा आयोजित की जाती है। उन्होंने अरूप रॉय की आपत्ति पर असहमति जताई और कहा कि उनके कार्यकाल में पूजा आयोजन के लिए भी अदालत का रुख करना पड़ता था।
बीजेपी नेता ने यह भी कहा कि इस मामले पर जिला संगठन की ओर से विचार किया जाएगा और जरूरत महसूस होने पर कार्रवाई की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved