इंदौर न्यूज़ (Indore News)

निगम अधिकारियों और कर्मचारियों को भी बकाया टैक्स चुकाने के निर्देश

इंदौर (Indore)। अब सभी निगम अधिकारियों (corporate officers) और कर्मचारियों को निगम से संबंधित सभी प्रकार के टैक्स 31 मार्च के पूर्व जमा कराना होंगे और इनकी रसीदें लेखा शाखा (Accounts Branch) में जमा कराना होंगी। कई अधिकारियों, कर्मचारियों पर भी टैक्स बाकी होने की बात सामने आई थी, जिसके चलते कल कमिश्नर ने यह निर्देश दिए।

नगर निगम राजस्व विभाग द्वारा शहरभर में बकायादारों के खिलाफ अभियान चलाते हुए जब्ती-कुर्की की कार्रवाई के साथ-साथ बकाया राशि वसूली जा रही है। सभी 19 झोनों के अंतर्गत राजस्व अधिकारी बड़े बकायादारों के खिलाफ रोज सुबह से शाम तक कार्रवाई में जुटे हैं। इसके अलावा अधिकारियों की टीमें भी 5 लाख से ज्यादा राशि के बकायादारों के यहां पहुंचकर कार्रवाई कर रही हैं। अब तक निगम ने कई स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 70 से ज्यादा दुकानों पर तालाबंदी की, वहीं सवा सौ से ज्यादा कार्यालयों पर ताले जड़े जा चुके हैं। यह अभियान अभी भी जारी है।


निगम कमिश्नर प्रतिभा पाल ने कल सभी निगम अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आदेश जारी कर कहा कि वे भी 31 मार्च के पहले तक अपना बकाया सम्पत्ति कर, जलकर, कचरा प्रबंधन शुल्क और अन्य बकाया शुल्क जमा करा दें और जमा कराए गए शुल्क की रसीद लेखा शाखा में जमा करा दें। इसके अलावा अपने रिश्तेदारों और परिजनों के भी बकाया टैक्स के मामले में वे उनसे राशि जमा कराने के लिए कहें। ज्ञातव्य है कि निगम द्वारा 31 मार्च के पहले तक राजस्व वसूली के टारगेट पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी के चलते रोज वसूली की जा रही है। पहले कभी निगम के खजाने में 40 से 60 लाख के बीच प्रतिदिन राशि जमा होती थी, लेकिन अब रोज यह आंकड़ा डेढ़ करोड़ से अधिक तक पहुंच गया है।

Share:

Next Post

पर्यटकों के लिए 6 शहरों में टेंट सिटी की तैयारी

Fri Mar 24 , 2023
इंदौर (Indore)। प्रदेश (State) के तीन पर्यटन स्थलों (three tourist places) पर टेंट सिटी लगाकर अपनी अलग पहचान बना चुका पर्यटन विभाग  (tourism department) अब प्रदेश के प्रमुख 6 पर्यटन स्थलों पर भी टेंट सिटी लगाकर फेस्टिवल करवाने की तैयारी में है। मप्र पर्यटन बोर्ड ने इसके लिए टेंडर बुलवाए हैं। हनुवंतिया और मांडू के […]