इंदौर न्यूज़ (Indore News)

निगम का पोर्टल बमुश्किल चालू हुआ, पर कुछ सेवाएं ही शुरू, कर जमा करने का मामला फिर अटका

  • 30 करोड़ से निगम का लक्ष्य पिछड़ा, सिर्फ 12 सेवाएं ही शुरू हो पाईं

इंदौर। नगर निगम का कामकाज पिछले कई दिनों से ठप पड़ा था। हाल ही में दो- चार दिनों से पोर्टल चालू होने पर बमुश्किल दस से बारह सेवाएं शुरू हो पाई हैं, लेकिन फिर भी सम्पत्तिकर और जलकर की राशि अभी भी पोर्टल के बंद होने के चलते जमा नहीं हो पाई है। हालांकि जन्म-मृत्यु पंजीयन प्रमाण पत्र और विवाह पंजीयन से लेकर नक्शा स्वीकृति के कार्य ऑनलाइन शुरू हो गए हैं। नगर निगम का पोर्टल ई-नगरपालिका भोपाल के माध्यम से संचालित होता है। पिछले कई दिनों से पोर्टल के बंद होने के कारण निगम का कामकाज ठप हो गया था, जिसके चलते 31 दिसंबर को भी बकायादारों से राशि जमा नहीं कराई जा सकी। वहीं 1 जनवरी 2024 से सम्पत्तिकर और जलकर के बकायादारों पर लगाए जाने वाले सरचार्ज को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।


झोनों पर लोग कर जमा करने पहुंचे तो पुराने रसीद कट्टों के आधार पर रसीदेें बनाकर दी गईं। नक्शा शाखा का काम भी अटक गया था। कई नक्शे पेंडिंग हो गए थे। नगर निगम के अपर आयुक्त अभिलाष मिश्रा के मुातबिक पिछले तीन-चार दिनों से ई-पोर्टल पर कुछ सेवाएं शुरू हुई हैं। इनमें जन्म-मृत्यु पंजीयन प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, ऑनलाइन नक्शा स्वीकृति से लेकर कुछ अन्य मामलों के कार्य हो रहे हैं, लेकिन राजस्व विभाग का कामकाज पोर्टल के नहीं चलने के कारण अभी भी बंद पड़ा है, जिसके कारण सम्पत्तिकर और जलकर की बकाया राशि के साथ-साथ मार्केट विभाग द्वारा जारी किए जाने वाले लाइसेंसों का मामला अटका पड़ा है। ई-नगरपालिका भोपाल के अधिकारियोंं से चर्चा हुई थी तो उन्होंने दो-चार दिनों में पोर्टल के पूरी तरह शुरू होने की बात फिर दोहराई है।

Share:

Next Post

शहर में वाहनों की चेकिंग के साथ सडक़ सुरक्षा सप्ताह, लाइसेंसों के शिविर भी

Fri Jan 12 , 2024
इंदौर। कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश पर परिवहन, यातायात विभाग द्वारा वाहनों की सख्ती से चेकिंग की जा रही है, वहीं प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों पर भी गाज गिरी। कल भी 65 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई कर 95 हजार का जुर्माना आरोपित किया, वहीं आज से 17 जनवरी तक सडक़ सुरक्षा सप्ताह शुरू हो […]