
इंदौर। पिछले कई दिनों से डेली कॉलेज चुनाव को लेकर विवाद चलते रहे। कोर्ट-कचहरी के साथ सोशल मीडिया पर भी ये चुनाव चर्चा में रहे। कल बोर्ड ऑफ गवर्नेंस और नए दानदाता वर्ग के चुनाव सम्पन्न हुए और जिस संविधान को चुनौती दी गई, उसी नए संविधान के मुताबिक अब डेली कॉलेज संचालित किया जाएगा। हरपालसिंह भाटिया मोनू को सर्वाधिक मत प्राप्त हुए और उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी राजेश अग्रवाल को 124 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया, तो पुराने दानदाता वर्ग में दोनों सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जिसमें विक्रमसिंह पंवार, देवास सीनियर और प्रियवृत सिंह निर्वाचित घोषित किए गए।
डेली कॉलेज में यह चुनावी प्रक्रियाचली। हाईकोर्ट रिटायर्ड जस्टिस सुशील गुप्ता ने उक्त चुनाव करवाए। कुल 688 मतदाता पात्र थे। इनमें से 130 में बैलेट पेपर, तो 470 ने कॉलेज पहुंचकर मतदान किया। बाहर रहने वाले सदस्यों के लिए ई-मेल और डाक के माध्यम से मतदान की व्यवस्था करवाई गई। उल्लेखनीय है कि पिछले कई दिनों से डेली कॉलेज के चुनाव विवादों और सुर्खियों में रहे। अब कॉलेज नए संविधान और चुने गए पदाधिकारियों के अनुरूप संचालित होगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved