बड़ी खबर भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

दतियाः ग्राम पंडोखर में एक साथ हुई 10 लोगों की अंत्येष्टि

दतिया। गत दिवस झांसी में हुए सड़क हादसे में मप्र के दतिया जिले के ग्राम पंडोखर निवासी 11 लोगों की मौत हो गई थी। इनमें चार बच्चे और सात महिलाएं शामिल थीं। शनिवार को ग्राम पंडोखर में 10 मृतकों को अंत्येष्टि की गई। इस दौरान पूरे गांव में मातम छाया रहा और लोगों ने नम आंखों से मृतकों को अंतिम विदाई दी।

सभी मृतकों के शव शनिवार को ग्राम पंडोखर पहुंचे। यहां उनकी अंतिम यात्रा निकालकर अंतिम संस्कार किया गया। जिस गली से भी चार बच्चों सहित 10 अर्थियां गुजरीं, लोग भावुक हो गए। बच्चों को दफनाया गया। वहीं, नदी किनारे 6 लोगों को मुखाग्नि दी गई। हादसे में मृत एक अन्य महिला का अंतिम संस्कार पंडोखर से 3 किमी दूर देवरी गांव में किया गया।

उल्लेखनीय है कि उत्तरप्रदेश के झांसी जिले में चिरगांव थाना क्षेत्र के भांडेर रोड पर शुक्रवार दोपहर पंडोखर से दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई थी। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली में 32 लोग सवार थे। ट्रैक्टर के सामने अचानक एक गाय आ गई, जिससे ड्राइवर ट्रैक्टर को संभाल नहीं पाया और वह धान के खेत में पलट गया। हादसे में सात महिलाएं और चार बच्चों की मौत हुई थी।


मृतकों के अंतिम संस्कार में भांडेर विधायक रक्षा सरोनिया के पति डॉ. सन्तराम सरोनिया पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते रहे। जिला पंचायत सदस्य रामकिंकर ने कहा कि उन्होंने ऐसा दुःखद मंजर कभी नहीं देखा, पीड़ा का बखान करना संभव नहीं है।

पंडोखर के रहने वाले पवन दोहरे और अनिल अपने भाई सुनील सहित अन्य 17 लोगों के साथ झांसी के छिरौना गांव में बने देई बाबा मंदिर जा रहे थे। इन्हें नवरात्रि पर ज्वारे मंदिर में अर्पित करना था। भाई सुनील ने बताया कि पवन और अनिल को बच्चे नहीं हो रहे थे। इनकी शादी को करीब 6 से 7 साल हो गए थे। परिवार ने देई बाबा मंदिर में संतान होने पर ज्वारे चढ़ाने की मन्नत मांगी थी। करीब डेढ़ साल पहले अनिल को बच्चा हुआ। जिसका नाम उन्होंने अवि रखा। 9 महीने बाद अनिल के घर भी किलकारी गूंजी। इसके बाद परिवार नवमी को ज्वारे चढ़ाने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ निकला था। तभी यह हादसा हो गया।

हादसे में जान गंवाने वालों में पुष्पा देवी (45 साल) पत्नी जानकी, मुन्नी देवी (45) पत्नी स्व. मोतीलाल, सुनीता (42) पत्नी रविंद्र, पूजा देवी (25) पत्नी अनिल, राजो (45) पत्नी कैलाश, प्रेमवती (45) पत्नी जसमंत, कुसुमा देवी (55) पत्नी मनीराम, करस्या (9 माह) पुत्री अनिल, परी (2 साल) पुत्री नीरू, अनुष्का (3) पुत्री बंटी, अवि डेढ़ साल पुत्र पवन शामिल है। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

मप्रः भाजपा जानती है गरीबी का दर्द, कांग्रेस नेताओं को यह अनुभव कहां : शर्मा

Sun Oct 17 , 2021
खंडवा/भोपाल। भाजपा ने सिर्फ गरीबी हटाने का नारा नहीं दिया, बल्कि गरीबों के जीवन स्तर को भी बेहतर बनाने का काम किया है। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान यह काम कर रहे हैं। गरीबी हटाने के लिए गरीबी का दर्द होना चाहिए, विजन होना चाहिए और झोपड़ी […]