देश राजनीति

दिल्ली में महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों के कारण अराजकता का माहौल : किरण वालिया

नई दिल्ली। दिल्ली में महिला सुरक्षा को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री किरण वालिया ने कहा कि कोविड-19 महामारी के समय में भी दिल्ली में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। पिछले एक महीने में महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न एवं दुष्कर्म की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने दिल्ली की अरविन्द केजरीवाल सरकार से मांग की कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए मोहल्ला मार्शल एवं डीटीसी बसों में मार्शल की नियुक्ति की जाए। महिलाओं के खिलाफ अपराध के प्रत्येक मामलों को फास्ट ट्रेक कोर्ट में चलाए जाएं, ताकि पीड़ित महिलाओं को जल्द न्याय मिल सके।

प्रो. किरण वालिया ने कहा कि आज दिल्ली में महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों के कारण अराजकता का माहौल है और प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। कुछ दिन पहले पीरागढ़ी में नाबालिग बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न की शर्मनाक घटना हुई। वहीं छत्तरपुर स्थित सरदार पटेल कोविड सेन्टर में 14 साल की कोरोना मरीज के साथ दुष्कर्म की घटना, हिन्दुराव अस्पताल में एक महिला मरीज के साथ सामूहिक दुष्कर्म की खबर आई। इसी तरह यौन उत्पीड़न और महिलाओं के खिलाफ अपराध के अनगिनत मामले हैं जो पंजीकृत ही नहीं हो पाते हैं।

उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की सहानुभूति पाकर केजरीवाल सरकार दिल्ली की सत्ता में आई थी। निर्भया कांड के समय केजरीवाल ने कहा था कि जो सरकार महिलाओं की सुरक्षा नहीं कर सकती उसे सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है, लेकिन सत्ता में आने के बाद महिला सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की सिर्फ घोषणाऐं ही की हैं। जो सीसीटीवी कैमरे लगाए भी गए वे बंद पड़े है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार की महिलाओं के प्रति असंवेदनशीलता साफ उजागर हो जाती है कि निर्भया फंड के तहत 390 करोड़ जारी राशि में से महिलाओं की सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं पर सिर्फ 19 करोड़ रुपये ही खर्च हुए। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

व्हाइट हाउस के बाहर चली गोली, राष्‍ट्रपति गए सुरक्षित स्‍थान पर, फिर वापिस आए

Tue Aug 11 , 2020
वाशिंगटन । अमेरिका में व्हाइट हाउस के बाहर गोलीबारी की घटना हुई है. बताया जा रहा है कि जिस वक्त यह गोलीबारी हुई, उस वक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रेस वार्ता कर रहे थे. अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप ने स्वयं घटना की जानकारी पत्रकारों को दी. हालांकि, अब स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. घटना […]