
सुबह-सुबह घर से निकलने के बाद दोस्तों को किया मैसेज- जा रहा हूं जान देने, आत्महत्या करने से पहले सुसाइड नोट भी लिखा
इन्दौर। करोड़ों के कर्ज (Debts running into crores) से परेशान होकर एक प्रॉपर्टी कारोबारी (Property dealer) ने मंदिर के पास आत्महत्या कर ली। उसने आत्महत्या करने से पहले तीन पेज का सुसाइड नोट भी लिखा। साथ ही दोस्तों को मैसेज भी किया था। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर जांच शुरू कर दी।
खुडै़ल पुलिस ने बताया कि बहादुर पिता अंतरसिंह परिहार निवासी ग्राम सिवनी के शव का एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। मंगलवार शाम को बहादुर का शव ग्राम पिपलादा के हनुमान मंदिर के पास मिला। बहादुर खुडै़ल इलाके का प्रॉपर्टी ब्रोकर था। उसके परिवार में एक बेटा और बेटी सहित पत्नी है। उसके दोस्तों ने बताया कि वह कल सुबह 5 बजे घर से निकल गया था। इसके बाद सुबह करीब 11.30 बजे दोस्तों को मैसेज कर लिखा कि वह कर्ज नहीं चुका पा रहा है, इसके चलते जान देने जा रहा है। मैसेज पढ़ते ही दोस्तों ने बहादुर को फोन लगाना शुरू कर दिया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। बाद में दोस्त और परिजन उसकी तलाश में निकले तो उसका शव मंदिर के पास पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि बहादुर हनुमान भक्त था। उसने कुछ दिनों पहले मंदिर में 11 लाख रुपए दान भी किए थे। आशंका है कि आत्महत्या से पहले वह मंदिर भी गया था।
सुसाइड नोट में मर्जी से जान देने की बात
बहादुर के पास मिले सुसाइड नोट में मर्जी से जान देने की बात लिखी है। साथ ही लिखा कि उसकी मौत के बाद परिवार के किसी सदस्य को परेशान न किया जाए। किसी को कर्ज के बारे में पता नहीं है। यह भी लिखा कि उसका परिवार काफी सुखी परिवार है, लेकिन भगवान को कुछ और ही मंजूर था। परिवार को यह आभास नहीं कि क्या होने वाला है। मेरे आत्महत्या करने का कारण सिर्फ कर्ज है। डायरी में सब हिसाब लिखा है, जो मौत के बाद परिवार को मिल जाएगी। मरने के कुछ समय पहले ही सुसाइड नोट लिखा है। मेरा दिमाग काम नहीं कर रहा है, यह मेरी मजबूरी है।
प्रेम प्रसंग के चलते युवक ने की आत्महत्या
प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। वह इंदौर में भाई के साथ किराए से कमरा लेकर रहता था। उसे मकान मालिक ने फांसी के फंदे पर लटका देख पुलिस को सूचना दी। आजाद नगर पुलिस ने बताया कि मूसाखेड़ी में रहने वाले 25 साल के धीरज पिता अवतार नारेडा ने कल रात फांसी लगा ली। धीरज मूल रूप से खातेगांव का रहने वाला था। यहां वह बड़े भाई लंकेश के साथ रहता था और मजदूरी करता था। कल वह काम से जल्दी घर लौट आया और यह कदम उठा लिया। घटना के दौरान लंकेश काम पर गया हुआ था। उसके परिजन का कहना है कि आत्महत्या करने से पहले धीरज ने मोबाइल से मैसेज सहित कॉल हिस्ट्री डिलीट कर दी थी। पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है।
युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर दी ाजान
एक युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। खुडै़ल पुलिस ने बताया कि सुहानी पिता अजयसिंह निवासी ग्राम बरखेडिय़ा (देवास) ने मूसाखेड़ी स्थित घर पर चूहामार दवाई खा ली थी, जिसके चलते उसे इलाज के लिए इंडेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस पता लगा रही है कि उसने यह कदम क्यों उठाया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved