
उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर में दीपावली महापर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। गर्भगृह में स्थित चांदी के रुद्र यंत्र और चांदी की दीवारों की सफाई का काम शुरू किया गया। मंदिर को पर्व के लिए सजाने-संवारने के साथ चांदी के सभी प्रमुख हिस्सों को चमकाया जा रहा है।
सफाई अभियान के तहत गर्भगृह की जलाधारी, देहरी पर लगे चांदी के दरवाजे और नंदी हॉल के दरवाजों की भी सफाई व पॉलिश की जाएगी। दिल्ली के भक्तों के माध्यम से आए कारीगर इस काम में जुटे हैं। सफाई पूरी होने के बाद गर्भगृह की चांदी की दीवारें, रुद्र यंत्र और दरवाजे फिर से चमक उठेंगे। महाकाल मंदिर में दीपावली का पर्व 8 नवंबर को मनाया जाएगा। इससे दो दिन पहले 6 नवंबर को धनतेरस से दीपोत्सव की शुरुआत होगी। इसके लिए मंदिर परिसर में रंग-रोगन और साज-सज्जा का काम भी कराया जा रहा है। दीपावली पर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। उल्लेखनीय है कि महाकाल मंदिर में शिवरात्रि, श्रावण मास और दीपावली जैसे प्रमुख पर्वों से पहले चांदी के यंत्रों, दीवारों और दरवाजों की नियमित सफाई एवं पॉलिश कराई जाती है। इस बार भी पर्व से पहले मंदिर के गर्भगृह को विशेष रूप से चमकाने का काम शुरू कर दिया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved