img-fluid

स्थापना दिवस पर किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटी का इनाम

November 02, 2026

  • समझ में 49 महिला समूहों को 1.75 करोड़ का ऋण-मेधावी विद्यार्थियों का भी सम्मान

उज्जैन। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर कालिदास अकादमी में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कृषि क्विज के विजेता किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटी देकर सम्मानित किया गया। प्रथम पुरस्कार रोहित को ट्रैक्टर, द्वितीय संजय को बुलेट और तृतीय पुरस्कार शंकरलाल को ई-स्कूटी के रूप में मिला। प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। टेटवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश की पहचान उसकी संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक विरासत से है। उज्जैन इस विरासत का प्रमुख केंद्र है।


  • भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली रही यह नगरी सिंहस्थ-2028 के आयोजन के साथ देश-दुनिया में अपनी पहचान और मजबूत करेगी। सिंहस्थ के लिए घाटों का विस्तार, इंदौर-उज्जैन मार्ग का चौड़ीकरण और धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। राज्यसभा सांसद उमेशनाथ महाराज ने प्रदेश की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया। विधायक सतीश मालवीय ने प्रदेश के ऐतिहासिक महत्व पर विचार रखे। महापौर मुकेश टटवाल और निगम सभापति कलावती यादव ने भी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा समारोह में 49 स्व-सहायता समूहों को बैंक ऋण के रूप में 1 करोड़ 75 लाख 15 हजार रुपए के चेक वितरित किए गए। मेधावी विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण छात्रवृत्ति योजना के तहत सम्मानित किया गया और लाड़ली लक्ष्मी योजना की हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र दिए गए। प्रभारी मंत्री ने महिला समूहों के स्टॉल से दाल, मसाले, बेसन और आटे से तैयार गिफ्ट हैंपर खरीदा। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने समूहों के उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के लिए गिफ्ट हैंपर तैयार कराने और अधिकारियों से भी इनकी खरीदी कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में लोकगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं। प्रभारी मंत्री ने सांस्कृतिक दलों को 11-11 हजार रुपए देने की घोषणा की। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रेमनारायण नागर और अनिल व्यास का सम्मान किया गया। विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई। समारोह में सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, यूडीए अध्यक्ष रवि सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

    Share:

  • स्थापना दिवस समारोह में 58 लोगों की स्वास्थ्य जांच

    Mon Nov 2 , 2026
    22 के बने आयुष्मान कार्ड- 32 लोगों की आभा आईडी भी बनाई उज्जैन। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को कालिदास अकादमी में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में स्वास्थ्य विभाग ने शिविर लगाया। इसमें 58 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें जरूरी परामर्श दिया गया। इस दौरान 22 पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड और […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved