
- जलभराव रोकने और यातायात सुगम बनाने पर जोर, संभागायुक्त और कलेक्टर ने ढाबारोड़ मार्ग का किया निरीक्षण
उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर नियमित निरीक्षण के तहत शुक्रवार को संभागायुक्त और कलेक्टर ने टंकी चौराहे से ढाबारोड तक चल रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्य का जायजा लिया और मौके पर अधिकारियों से कहा कि सड़क बनाने से पहले नालियों का निर्माण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त आशीष सिंह सिंह और कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने साफ तौर पर कहा कि सड़क चौड़ीकरण से पहले एक ओर नाली निर्माण पूरा करना अनिवार्य है। उन्होंने इंजीनियरों को निर्देशित किया कि पहले पानी का उचित शिफ्टिंग कर नाली बनाई जाए, ताकि जलभराव की स्थिति न बने और पानी सुचारू रूप से बाहर निकल सके। इसके बाद ही दूसरी ओर का निर्माण कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने नाली निर्माण में उपयोग हो रही सामग्री की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा और स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही इंजीनियरों को मौके पर उपस्थित रहकर कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने यह भी निर्धारित करने को कहा कि निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय रहवासियों को आवागमन में परेशानी न हो। वैकल्पिक व्यवस्था और सुरक्षा उपायों पर भी जोर दिया गया। सिंहस्थ-2028 के दौरान उज्जैन के पुराने शहर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी और साधु-संतों की पेशवाई भी निकलेगी। इसे ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मार्ग चौड़ीकरण कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि ढाबारोड़ मार्ग पर एक ओर करीब 200 मीटर प्रीकास्ट नाली का निर्माण किया जा चुका है और शेष कार्य तेजी से जारी है। आने वाले कुछ दिनों में नाली और पाइपलाइन डालने का काम पूरा कर लिया जाएगा।