विदेश

नाइजर में छह फ्रांसीसी पर्यटकों सहित आठ लोगों की गोली मारकर हत्या

पेरिस । पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजर में मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर छह फ्रांसीसी पर्यटकों और दो नाइजीरियाई नागरिकों की हत्या कर दी। ये सभी राजधानी नियामे के दक्षिण-पूर्व में स्थित जिराफ रिजर्व पार्क देखने गए थे। मारे गए नाइजीरियाई नागरिकों में से एक पर्यटकों को ले गई वैन का ड्राइवर था जबकि दूसरा टूरिस्ट गाइड था। हत्या में इस्लामिक आतंकी संगठन का हाथ होने का संदेह है।

घटना पर नाइजर की सरकार ने कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की है, जबकि फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह हमले की जानकारी ले रहा है। फ्रांस सरकार ने अपने नागरिकों को नाइजर की यात्रा में पहले ही खतरे की चेतावनी दे रखी है। वहां पर आतंकी संगठन बोको हरम और उससे जुड़े कई इस्लामिक संगठन सक्रिय हैं। नाइजर अफ्रीका महाद्वीप का बड़ा देश है जिसकी सीमाएं सात देशों से लगती हैं। इनमें लीबिया, माली, चाड और नाइजीरिया जैसे अशांत देश भी शामिल हैं।

गौरतलब है कि नाइजर में ही 2017 में आतंकियों ने घात लगाकर हमले में चार अमेरिकी सैनिकों की हत्या कर दी थी। अफ्रीका का यह इलाका फ्रांस का उपनिवेश रहा है। इलाके में पश्चिमी अफ्रीकी देशों और यूरोपीय सहयोगियों के साथ मिलकर फ्रांस ने जून में इस्लामिक आतंकियों के खिलाफ अभियान भी चलाया था। 2013 में फ्रांस ने सहारा मरुस्थल इलाके में सैनिकों की तैनाती भी की थी।

Share:

Next Post

ब्राजील में कोरोना से प्रभावित होने वाले लोगों का आंकड़ा 30 लाख 35 हजार पार, मौतें 101049

Mon Aug 10 , 2020
ब्राजीलिया । ब्राजील में 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस (कोविड-19) से 572 मरीजों की मौत हुई है और इसके साथ ही यहां इस जानलेवा विषाणु से होने वाली मौतों की संख्या 101049 हो गयी है। यहां पिछले 24 घंटों के दौरान इस संक्रमण के 23010 नये मामले दर्ज किये गये हैं और अब इससे […]