नई दिल्ली। वैश्विक शेयर बाजार (Global stock markets) में टेक कंपनियों की तेज़ी का सबसे बड़ा फायदा दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क (Elon Musk) को मिला। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, सोमवार को उनकी संपत्ति में 68.7 अरब डॉलर का इजाफा हुआ, जिसके बाद उनकी कुल नेटवर्थ बढ़कर 1.01 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गई। इस उछाल के साथ मस्क एक बार फिर ट्रिलियनेयर क्लब में शामिल हो गए।
दूसरी ओर, भारत के दो बड़े उद्योगपति गौतम अडानी और मुकेश अंबानी के लिए दिन नुकसानभरा रहा। दोनों की कुल संपत्ति में मिलाकर 3.27 अरब डॉलर (करीब 30,967 करोड़ रुपये) की गिरावट दर्ज की गई।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की नेटवर्थ सोमवार को 1.23 अरब डॉलर घटकर 86.7 अरब डॉलर रह गई। वर्ष 2026 के शुरुआती छह महीनों में उनकी कुल संपत्ति में करीब 21 अरब डॉलर की कमी आ चुकी है।
अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी की संपत्ति में भी सोमवार को 2.04 अरब डॉलर की गिरावट आई, जिसके बाद उनका कुल नेटवर्थ 117 अरब डॉलर रह गया। हालांकि, इस एक दिन की गिरावट के बावजूद वर्ष के पहले छह महीनों में उनकी संपत्ति में 23.2 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
टेक शेयरों में तेजी का असर दुनिया के अन्य अरबपतियों की संपत्ति पर भी दिखाई दिया।
गौरतलब है कि 23 जून को एलन मस्क की संपत्ति में एक ही दिन वॉरेन बफेट की पूरी नेटवर्थ (146 अरब डॉलर) से भी अधिक की गिरावट दर्ज की गई थी। इसके अगले ही दिन 24 जून को उनकी दौलत में 118 अरब डॉलर की अतिरिक्त कमी आई थी। अब कुछ ही दिनों बाद उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए फिर से ट्रिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर लिया है।
एलन मस्क की संपत्ति में आई इस बड़ी छलांग का प्रमुख कारण स्पेसएक्स का ऐतिहासिक आईपीओ माना जा रहा है। मस्क के पास स्पेसएक्स के लगभग 4.76 अरब शेयर हैं। 75 अरब डॉलर के आईपीओ के बाद कंपनी का बाजार मूल्य 2 ट्रिलियन डॉलर से ऊपर पहुंच गया, जिससे उनकी व्यक्तिगत संपत्ति में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज हुई। एक समय उनकी नेटवर्थ 1.27 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved