
लंदन। पश्चिमी यूरोप के ऊपर बने ‘हीट डोम’ के कारण पूरे यूरोपीय महाद्वीप में भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। ब्रिटेन, फ्रांस, इटली और स्पेन समेत कई देशों ने लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरे की चेतावनी जारी की है। वहीं तापमान के और बढ़ने की आशंका जताई गई है। ब्रिटेन में बुधवार को इंग्लैंड के मध्य और दक्षिणी हिस्सों और वेल्स के लोगों की सेहत के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। यह केवल दूसरी बार है जब ब्रिटिश अधिकारियों ने इस स्तर की चेतावनी जारी की है। इससे पहले जुलाई 2022 में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने पर ऐसी चेतावनी जारी की गई थी।
ब्रिटेन का मौसम विभाग, दक्षिणी इंग्लैंड में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान लगा रहा है, जो जून महीने का अब तक का सर्वाधिक तापमान हो सकता है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस गर्म मौसम का असर स्वस्थ लोगों पर भी पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है। भीषण गर्मी के कारण इंग्लैंड के कई स्कूल बंद कर दिए गए हैं। वहीं, कई रेल सेवाएं रद्द कर दी गई हैं और लोगों को गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। समरसेट में लगभग 100 स्कूल बुधवार और गुरुवार को पूरी तरह बंद रहेंगे। वहीं, बकिंघमशायर में करीब 100 स्कूल आंशिक रूप से बंद रहेंगे, जबकि ग्लॉस्टरशायर में 86 स्कूल प्रभावित होंगे।
दरअसल गर्मी के कारण रेल पटरियों के मुड़ने और ओवरहेड बिजली तारों के ढीले पड़ने जैसी समस्याओं से बचने के लिए ट्रेनों की गति पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं। गर्म मौसम की आशंका को देखते हुए बुधवार और गुरुवार को लंदन और पेरिस के बीच संचालित होने वाली चार ट्रेनों को रद्द कर दिया है। गर्मी का असर ब्रिटेन की संसद तक पहुंच गया है। परंपरागत नियमों में अस्थायी ढील देते हुए हाउस ऑफ कॉमन्स की प्रेस गैलरी में रिपोर्टिंग करने वाले पुरुष पत्रकारों को बुधवार को जैकेट उतारने की अनुमति दी गई है।
उधर, फ्रांस में मंगलवार को अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। अत्यधिक तापमान को देखते हुए एफिल टॉवर और लौवर संग्रहालय में आने वाले लोगों के लिए समय-सीमा तय कर दी गई, जबकि स्कूलों और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर भी असर पड़ा। फ्रांस के नेशनल थर्मल इंडिकेटर ने 29.8 डिग्री सेल्सियस का रिकॉर्ड स्तर छुआ, जो देश के 30 मौसम केंद्रों के औसत तापमान के आधार पर तय किया जाता है। यह फ्रांस में दर्ज किया गया अब तक का सर्वाधिक स्तर है। रिकॉर्ड तोड़ हीट वेव के बीच पश्चिमी फ्रांस में बुधवार को लगभग 68,000 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अधिकारियों के अनुसार, यह मौजूदा भीषण गर्मी के दौर में देश की पहली बड़ी बिजली कटौती है।
इटली के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को 16 शहरों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। इनमें रोम, मिलान, फ्लोरेंस और ट्यूरिन जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं। इटली में रेड अलर्ट का अर्थ है कि मौसम की स्थिति इतनी गंभीर है कि उसका असर न केवल बुजुर्गों और बीमार लोगों, बल्कि स्वस्थ वयस्कों पर भी पड़ सकता है।
आने वाले दिनों में यह हीटवेव पूर्वी यूरोप तक फैलने की आशंका है। पोलैंड के मौसम विभाग ने गुरुवार से शनिवार तक देश के पश्चिमी हिस्से में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है। वहीं, क्रोएशिया में शुक्रवार और शनिवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। हंगरी में गर्मी को देखते हुए सरकार ने रेड अलर्ट जारी किया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved