विदेश

यूक्रेन के ड्रोन से मॉस्को भी सुरक्षित नहीं? रूसी रक्षा मंत्रालय ने किया हमले का दावा, लोगों में दहशत

मॉस्को। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को अब करीब डेढ़ साल होने वाले हैं। इस बीच जहां रूस की सेना लगातार यूक्रेन में अपने हमलों को तेज कर रही है, वहीं यूक्रेनी सेना भी जबरदस्त पलटवार में जुटी है। कुछ दिनों पहले ही रूस ने दावा किया था कि यूक्रेन के कुछ ड्रोन राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास तक पहुंच गए। इस बीच अब एक बार फिर रूस के रक्षा मंत्रालय के पास ड्रोन्स के कुछ टुकड़े पाए गए हैं, जिससे मॉस्को में हलचल मच गई है।

रूस का कहना है कि सोमवार सुबह यूक्रेन के दो ड्रोन्स को मॉस्को के आसमान में मार गिराया गया। रूस के रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर आरोप लगाया कि कीव ने मॉस्को में ड्रोन्स के जरिए आतंकी घटना को अंजाम देने की कोशिश की। हालांकि, इन हमलों को रोक लिया गया। दोनों यूक्रेनी ड्रोनों को कुचल दिया गया। हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है। वहीं, मॉस्को के मेयर ने बताया कि हमला सोमवार तड़के 4 बजे हुआ। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाएं इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं।


इस बीच रूस की एजेंसी आरआईए नोवोस्ती ने हमले वाली जगहों का एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें एक बड़ी इमारत टूटी देखी जा सकती है। इनमें से एक मंत्रालय के करीब शहर के केंद्र में जा गिरा। यूक्रेन ने एक दिन पहले ही ओडेशा स्थित काला सागर बंदरगाह पर रूसी मिसाइल हमले का बदला लेने की बात भी कही थी।

रक्षा मंत्रालय के पास से बरामद हुए ड्रोन के टुकड़े
रूसी न्यूज एजेंसी तास के मुताबिक, ड्रोन्स के यह टुकड़े मॉस्को की कोम्सोमोल्स्की एवेन्यू से बरामद किए गए हैं। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि यह ड्रोन्स पहले से इस हालत में मिले हैं या इन्हें मार गिराया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस घटना में कोई हताहत नहीं है।

बताया गया है कि दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण मॉस्को के रहने वाले कुछ लोगों ने धमाकों की आवाजें भी सुनी थीं। गौरतलब है कि कोमसोमोल्स्की एवेन्यू रूस के केंद्रीय प्रशासनिक जिले के करीब है, जहां से रूस का रक्षा मंत्रालय भी काफी नजदीक है।

Share:

Next Post

भतीजे चिराग ने चाचा पारस पर लगाया गंभीर आरोप, एनडीए को लेकर कही बड़ी बात

Mon Jul 24 , 2023
नई दिल्‍ली (New Delhi) । लोक जनशक्ति पार्टी के पूर्व अध्यक्ष चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने रविवार को अपने चाचा और केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस (Union Minister Pashupati Kumar Paras) पर भाजपा (BJP) के नेतृत्व वाले गठबंधन में उनके प्रवेश पर सवाल उठाकर राजग की छवि खराब करने का आरोप लगाया. देर शाम यहां […]