देश

खट्टर कैबिनेट का विस्‍तार आज, डॉ. कमल गुप्ता व देवेंद्र बबली आज लेंगे मंत्री पद की शपथ

चंडीगढ़। हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार (BJP-JJP government of Haryana) का पहला मंत्रिमंडल विस्तार(first cabinet expansion) मंगलवार को होने जा रहा है। नववर्ष से पहले भाजपा विधायक डॉ. कमल गुप्ता (BJP MLA Dr. Kamal Gupta) और जजपा विधायक देवेंद्र बबली (JJP MLA Devendra Babli) को मंत्री पद का(oath of office) तोहफा मिलेगा। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय(Governor Bandaru Dattatreya) शाम चार बजे दोनों नए मंत्रियों को राजभवन में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। फिलहाल मंत्रिमंडल में कोई फेरबदल नहीं होगा।



मुख्यमंत्री मनोहर लाल और डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के दिवाली के दिन 27 अक्तूबर 2019 को शपथ ग्रहण करने के साथ नई सरकार अस्तित्व में आई थी। प्रदेश में गठबंधन सरकार बनने के 2 साल 2 महीने और एक दिन बाद दो नए मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा रहा है। सरकार की तरफ से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने सोमवार दोपहर सवा तीन बजे मंत्रिमंडल विस्तार की सूचना तो दे दी लेकिन मंत्रियों के नाम गोपनीय रखे हैं।
भाजपा की तरफ से स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता और पलवल के विधायक दीपक मंगला ने मंत्री पद पाने के लिए खूब जोर-आजमाइश की। नांगल चौधरी से भाजपा विधायक अभय सिंह यादव व दूड़ा राम का नाम भी चला। दूड़ा राम की तो दो दिन पहले ही दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात हुई थी। सोमवार को गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिंगला के निवास पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ पहुंचे, जिससे तरह-तरह की अटकलें लगाई गईं। पुख्ता सूत्रों के अनुसार भाजपा की तरफ से डॉ. कमल गुप्ता व जजपा कोटे से देवेंद्र बबली का नाम मंत्री पद की शपथ के लिए राजभवन को भेजा गया है।
कमल गुप्ता संघ के साथ ही प्रदेश भाजपा नेतृत्व की भी पसंद हैं। उनका मुखर वक्ता होना पक्ष में गया। जजपा की तरफ से देवेंद्र बबली के अलावा विधायक रामकुमार गौतम, अमरजीत ढांडा व ईश्वर सिंह का नाम चर्चा में रहा। ईश्वर सिंह के बेटे को जजपा कोटे से चेयरमैन बनाया जा चुका है। ढांडा व गौतम पद की दौड़ में पिछड़ गए। जोगी राम सिहाग को सरकार चेयरमैन बना चुकी है लेकिन किसान आंदोलन के कारण उन्होंने पद नहीं स्वीकारा था।

कमल गुप्ता का कुछ भी बोलने से इंकार
डॉ. कमल गुप्ता ने मंत्री बनने को लेकर कोई प्रतिक्रिया देने से इंकार किया। उन्होंने कहा कि सूचनाएं आती-जाती रहती हैं, जब तक शपथ न हो जाए कुछ नहीं कहना।

विस्तार के साथ ही विभागों में होगा फेरबदल
नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के साथ ही अन्य मंत्रियों के विभागों में थोड़ा-बहुत फेरबदल होगा। भाजपा कोटे के मंत्रियों के विभाग बदले जाएंगे। भाजपा कोटे से बनने वाले कैबिनेट मंत्री को बड़ा विभाग मिल सकता है। जजपा कोटे से बनने वाले मंत्री को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के विभागों में से ही एक-दो विभाग दिए जाने की चर्चाएं हैं।

डॉ. कमल गुप्ता
पिता मनफूल सिंह। 2014, 2019 में हिसार विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। पेशे से डॉक्टर। पोस्ट ग्रेजुएट हैं, एमडीयू रोहतक के मेडिकल कॉलेज से 1980 में मास्टर ऑफ सर्जरी की। हिसार में जन्म, उम्र 67 वर्ष। 2012 में हिसार जिला भाजपा अध्यक्ष बने। 1996 में भाजपा टिकट पर पहला चुनाव लड़ा। तीसरे स्थान पर रहे। 2014 में कांग्रेस की सावित्री जिंदल को 13646 मतों से हराया। 2019 में कांग्रेस के रामनिवास को हराकर विस पहुंचे।

देवेंद्र बबली
पिता दिलबाग सिंह। पेशे से बिजनेसमैन। बारहवीं पास हैं। आईजी कॉलेज टोहाना से परीक्षा पास की। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व विधायक सुभाष बराला को हराकर पहली बार विधायक बने। कांग्रेस नेता रहे। टिकट न मिलने पर जजपा का दामन थामा और टिकट लेकर चुनाव में 52302 मतों से जीत दर्ज की। प्रदेश में 2019 के चुनाव में जीत का दूसरा बड़ा अंतर। कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर के करीबी रहे।

Share:

Next Post

इंदौरः 9 साल की बेटी के सामने पूर्व प्रेमी ने सरेराह कर दी महिला की हत्या

Tue Dec 28 , 2021
इंदौर। मिनी मुंबई इंदौर (Mini Mumbai Indore) में सरेराह 9 साल की बेटी (9 year old daughter) के सामने ही मां की हत्या (mother murder) हो गई. महिला का पूर्व प्रेमी उस पर चाकू से हमला करता रहा, वह तड़पती रही और बेटी चीखती रही। राहगीर तमाशबीन बने तमाशा देखते रहे. घटना रविवार रात इंदौर […]