
इंदौर। इंदौर में ट्रैफिक नियम तोड़ने के बाद पुलिस से बचने के लिए एक युवक ने ऐसा बहाना बनाया कि मामला दिलचस्प हो गया। युवक ने पुलिस को बताया कि उसके पिता अस्पताल में भर्ती हैं और उसे इमरजेंसी में वहां पहुंचना है। लेकिन जब यातायात निरीक्षक ने खुद युवक के पिता को फोन लगा दिया, तो सारी कहानी की पोल खुल गई। पिता अस्पताल में भर्ती नहीं, बल्कि पूरी तरह स्वस्थ निकले। आखिरकार युवक को अपनी गलती भी स्वीकार करनी पड़ी और चालान भी भरना पड़ा।
मामला घंटाघर चौराहे का है। यहां यातायात निरीक्षक नारायण सिंह डामोर और आरक्षक ब्रजेश वर्मा यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान रेड लाइट का उल्लंघन करते हुए मोबाइल पर बात कर वाहन चला रहे एक युवक को रोका गया। पुलिस ने जब उसे नियमों का उल्लंघन करने पर समझाइश दी, तो युवक ने अस्पताल जाने की इमरजेंसी का हवाला देकर कई बहाने बनाए। उसने अपने पिता के अस्पताल में होने की बात भी कही। युवक की बातों पर संदेह होने पर यातायात निरीक्षक ने संबंधित मोबाइल नंबर पर फोन लगाकर बात की, तो सच्चाई सामने आ गई। जिस पिता के अस्पताल में होने का हवाला दिया जा रहा था, वे स्वस्थ निकले। झूठ पकड़े जाने के बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में नियमों का पालन करने का भरोसा दिया। हालांकि पुलिस ने रेड लाइट तोड़ने और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने के मामले में नियमानुसार चालानी कार्रवाई की।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved