उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

हर दिन पांच सौ लोगों का अतिरिक्त भोजन

  • महाकाल मंदिर के अन्न क्षेत्र में बन रहा है
  • नगर निगम के रैन बसेरों में अन्नक्षेत्र से पहुंचाया जा रहा है भोजन-सप्ताह भर में करेंगे समीक्षा, कहीं ज्यादा खर्चा तो नहीं हो रहा

उज्जैन। महाकाल मंदिर प्रशासन द्वारा संचालित अन्नक्षेत्र में बीते पांच दिनों से करीब पांच सौ लोगों के लिए अलग से भोजन बनाया जा रहा है। यह भोजन नगर निगम द्वारा शहर के चार स्थानों पर संचालित होने वाले रैन बसेरों में पहुंचाया जा रहा है।
हालांकि इस कारण मंदिर समिति को भोजन पहुंचाने सहित अन्य कुछ खर्चा बढ़ गया है, बावजूद इसके रैनबसेरों में ठहरने वाले लोगों को महाकाल का प्रसाद जरूर प्राप्त होने लगा है। बीते पांच दिनों पहले अन्नक्षेत्र से बना हुआ भोजन रैन बसेरों में पहुंचाने का काम शुरू किया गया है। इन रैन बसेरों में इसके पहले नगर निगम की ओर से भोजन बनाने व बांटने का काम किया जाता था लेकिन अब इस कार्य को अन्नक्षेत्र के जिम्मे किया गया है। बताया गया है कि अन्नक्षेत्र के रसोई घर में काम करने वाली महिलाओं को सुबह पहले से निर्धारित समय से पहले बुलाया जा रहा है क्योंकि अन्नक्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को तो सुबह 11 बजे से भोजन देना ही होता है वहीं इसी समय तक रैन बसेरों में भी भोजन भेजने का काम करना होता है, इसलिए मंदिर प्रशासन ने रसोई घर में काम करने वाली महिलाओं व अन्य कर्मचारियों को सुबह जल्दी बुलाने के निर्देश जारी किए है।



जानकारी के अनुसार एक सप्ताह बाद मंदिर प्रशासन इस कार्य की समीक्षा करेगा कि कहीं रैन बसेरों में पहुंचाए जाने वाले भोजन के कारण किसी तरह से अन्य आर्थिक बोझ तो मंदिर समिति पर नहीं आ रहा है। हालांकि यह बात अलग है कि भोजन की कच्ची सामग्री व सब्जी आदि दानदाताओं से ही प्राप्त हो रही है लेकिन मंदिर समिति के कर्मचारियों पर अपने निर्धारित कार्यों के अलावा यह अन्य कार्य भी जिम्मे हो गया है। इसके अलावा वाहन से चार स्थानों पर भोजन पहुंचाने में भी डीजल का अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है, इसलिए समीक्षा करने की बात मंदिर के अधिकारियों द्वारा कही जा रही है। मंदिर के सहायक प्रशासक और अन्नक्षेत्र प्रभारी आरके तिवारी ने बताया कि बीते पांच दिनों से यह कार्य शुरू किया गया है। एकाध सप्ताह में ही इस नये कार्य की समीक्षा की जाएगी।

Share:

Next Post

बापू के जन्मदिन पर सुबह निकली प्रभातफेरी

Sun Oct 2 , 2022
गांधी बालोद्यान स्थित गांधी और फ्रीगंज स्थित लाल बहादुर शास्त्री प्रतिमा पर किया माल्यार्पण स्वच्छता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है आज का दिन उज्जैन। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती आज नगर में मनाई जा रही है। कांग्रेस सेवादल ने आज सुबह प्रभात फेरी निकाली। इसके बाद बापू और शास्त्री की प्रतिमा पर […]