उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

बापू के जन्मदिन पर सुबह निकली प्रभातफेरी

  • गांधी बालोद्यान स्थित गांधी और फ्रीगंज स्थित लाल बहादुर शास्त्री प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
  • स्वच्छता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है आज का दिन

उज्जैन। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती आज नगर में मनाई जा रही है। कांग्रेस सेवादल ने आज सुबह प्रभात फेरी निकाली। इसके बाद बापू और शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। आज का दिन शहर में स्वच्छता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है और कई कार्यक्रम हो रहे हैं। महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शहर में आज सुबह से कई आयोजन हो रहे हैं। शहर कांगे्रस और सेवादल द्वारा आज सुबह शहीद पार्क से प्रभातफेरी निकाली गई जो टॉवर चौक होते हुए चामुण्डा माता चौराहा, देवासगेट, मालीपुरा होते हुए दौलतगंज, फव्वारा चौक होकर कंठाल पहुंची। यहां से प्रभातफेरी क्षीरसागर स्थित गांधी बालोद्यान पर जाकर समाप्त हुई। प्रभातफेरी में शामिल सभी कांगे्रस नेताओं ने उद्यान में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के साथ श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके देश को दिए गए योगदान को याद किया गया। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया, सेवादल के नेता अरूण रोचवानी, कांग्रेस नेता अशोक सारवान, मुकेश भाटी, कैलाश बिसेन, अनंतनारायण मीणा, अजीतसिंह ठाकुर, माया त्रिवेदी, अंजू जाटवा आदि तथा जिला कांग्रेस के पदाधिकारी और अन्य कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसी तरह सुबह साढ़े 9 बजे फ्रीगंज स्थित पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री उद्यान में भी शास्त्रीजी की जन्म जयंती पर आज कई संस्थाओं के लोगों ने जाकर माल्यार्पण किया और उन्हें याद किया।



नेताओं तक सीमित रह गई खादी
हर साल खादी ग्रामोद्योग एम्पोरियम द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर खादी वस्त्रों की बिक्री का अभियान चलाया जाता है और इसमें ज्यादा से ज्यादा लोग खादी वस्त्रों का इस्तेमाल करे इसके लिए विशेष छूट दी जाती है। खादी वस्त्रों से आम आदमी की दूरी इतने वर्षों बाद भी कम नहीं हुई है। खादी के वस्त्र अब केवल नेताओं तक ही सीमित रह गए हैं। हालांकि खादी ग्रामोद्योग द्वारा तैयार किये गये खादी वस्त्रों पर एवं विंध्या वैली उत्पाद (मसाले, सरसों का तेल कच्च घानी, शैम्पू, अचार, पापड़, आंवला मुरब्बा, अगरबत्ती आदि) पर छूट का लाभ दिया जाता है।

स्वच्छता दिवस भी मन रहा
गांधी जयंती के दिन से ही केंद्र की मोदी सरकार ने देश में स्वच्छता अभियान की शुरूआत की थी। तब से लेकर अब तक बापू के जन्मदिन को स्वच्छता दिवस के रूप में पूरे देश में मनाया जाता है। आज भी कई जगह स्वच्छता अभियान आयोजित किए जाएंगे।

Share:

Next Post

आज से तीन दिन घर-घर होगा कुलदेवी का पूजन

Sun Oct 2 , 2022
पूजन के लिए बाहर से लोगों का घरों को लौटना शुरू उज्जैन। नवरात्रि पर्व के दौरान पहले दिन से ही नगर के प्रमुख देवी मंदिरों में भीड़ सुबह से देर शाम तक आ रही है। आज नवरात्रि का सातवां दिन है और आज से तीन दिन घरों में लोग अपनी-अपनी कुलदेवियों का पूजन करेंगे। इधर […]