
जबलपुर। घरेलू गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी को लेकर सरकार और गैस कंपनियों की लगातार सूचना के बावजूद जिले में करीब 20 फीसदी घरेलू गैस उपभोक्ता अब तक ई-केवाईसी नहीं करा पाए हैं। ऐसे उपभोक्ताओं के लिए 15 अगस्त तक ई-केवाईसी कराने का मौका था। तय समय तक प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर घरेलू श्रेणी में मिलने वाले सिलेंडर की कीमत पर असर पड़ सकता है और उपभोक्ताओं को सामान्य दर की तुलना में करीब दोगुनी राशि चुकानी पड़ सकती है। वर्तमान में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत करीब 948.50 रुपए है।
ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को भविष्य में यही सिलेंडर करीब 1897 रुपए तक में मिलने की स्थिति बन सकती है। हालांकि गैस कंपनियों की ओर से उपभोक्ताओं को लगातार ई-केवाईसी कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी कराने का आदेश वर्ष 2023 में जारी किया गया था। इसके बाद भी जिले में सभी उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अब तक पूरी नहीं हो सकी है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार शहर में करीब 80 फीसदी उपभोक्ता ई-केवाईसी करा चुके हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह आंकड़ा करीब 65 फीसदी ही है। यानी ग्रामीण क्षेत्र में अभी बड़ी संख्या में उपभोक्ता प्रक्रिया से बाहर हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे ज्यादा परेशानी
ई-केवाईसी कराने में ग्रामीण क्षेत्रों में अपेक्षाकृत ज्यादा परेशानी सामने आ रही है। यहां बड़ी संख्या में मजदूर वर्ग के लोग रहते हैं, जो सुबह काम पर निकल जाते हैं और शाम को वापस लौटते हैं। इसके अलावा कई उपभोक्ताओं को ऑनलाइन ई-केवाईसी की प्रक्रिया की जानकारी नहीं है। इसी समस्या को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर ई-केवाईसी कराने की व्यवस्था की जा रही है। गैस एजेंसियों को भी लंबित उपभोक्ताओं से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
लापरवाही बरती तो महंगा पड़ सकता है सिलेंडर
ई-केवाईसी को लेकर सबसे बड़ी चिंता उन उपभोक्ताओं की है, जिन्होंने अभी तक प्रक्रिया पूरी नहीं की है। यदि निर्धारित समय सीमा तक ई-केवाईसी नहीं कराई जाती है तो घरेलू दर पर मिलने वाले सिलेंडर की सुविधा प्रभावित होने के साथ ही अधिक कीमत चुकाने की स्थिति बन सकती है। विभाग के अनुसार उपभोक्ताओं को लगातार सूचना दी जा रही है, ताकि अंतिम समय में परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिले में तीनों कंपनियों के अधिकांश उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी करा ली है। जिन लोगों की ई-केवाईसी बाकी है, उन्हें लगातार सूचना दी जा रही है। गैस एजेंसियों को भी लंबित ई-केवाईसी जल्द पूरी कराने के लिए कहा गया है।
आरएस मरावी, प्रभारी जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved