भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

सरकार का चेहरा तय करेगा विधायकों का Feedback

  • प्रदेश प्रभारी और सह संगठन मंत्री के साथ वन-टू-वन बैठकों का दौर जारी
  • सत्ता में भागीदारी नहीं होने से सबसे ज्यादा दुखी है महाकौशल

भोपाल। प्रदेश में निकट भविष्य में होने वाले संभावित मंत्रिमंडल में फेरबदल एवं बदलाव और नगरीय निकाय चुनाव से पहले भाजपा हाईकमान मप्र के विधायकों से फीडबैक ले रहा है। लंबे समय बाद शुक्रवार को राजधानी में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होने जा रहे हैं। इससे पहले विधायकों के मन की बात सुनी जा रही है। गुरुवार को ग्वालियर-चंबल, महाकौशल, बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र के विधायकों से वन टू-वन चर्चा की गई। जिसमें सत्ता में भागीदारी नहीं होने से सबसे ज्यादा महाकौशल क्षेत्र के विधायक दुखी हैं। जबकि ग्वालियर-चंबल के विधायकों ने कलेक्टर एवं मंत्रालय के अफसरों पर अनसुनी के आरोप लगाए हैं।



विधायकों से वन-टू-वन चर्चा का सिलसिला आज भी जारी रहेगा। जिसमें भोपाल-होशंगाबाद एवं मालवा-निमाड़ क्षेत्र के विधायकों से फीडबैक लिया जाएगा। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी के अनुसार विधायकों से चर्चा सामान्य बिंदुओं पर हुई है। जिसमें विधायक अपने क्षेत्र एवं जिले के विषय भी रखते हैं। चंबल के एक विधायक ने प्रभारी मंत्रियों पर भी सुनवाई नहीं करने के आरोप लगाए हैं। जबकि कुछ विधायकों ने कलेक्टर-एसपी समेत मंत्रालय के अफसरों पर उनकी बात नहीं सुनने और मिलने का समय नहीं देने के आरोप लगाए हैं। विधायकों के साथ हो रही वन टू वन चर्चा को निकाय चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी जानना चाहती है कि जनता का मूड कैसा है। संगठन सूत्रों ने बताया कि ज्यादातर विधायकों ने अपनी समस्याएं गिनाईं। महाकौशल क्षेत्र के विधायक एवं मंत्री ने यहां तक कहा कि इस क्षेत्र से सरकार में प्रतिनिधित्व नहीं है।

कार्यसमिति में इन प्रस्तावों पर होगी चर्चा
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए जाएंगे। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव के साथ संगठनात्मक कार्य के विस्तार और कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशताब्दी वर्ष में चल रहे कार्यक्रमों व अन्य विषयों पर चर्चा होगी। आगामी समय में संगठन कार्य को और मजबूत बनाने में हमारी भूमिका क्या होगी? इस पर मंथन होगा। बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिलाध्यक्ष, सीनियर नेता एवं प्रदेश शासन के मंत्री उपस्थित रहेंगे।

ये नेता होंगे शामिल
कार्यसमिति की बैठक भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव सहित मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रहलाद पटेल, डॉ. वीरेंद्र कुमार, फग्गन सिंह कुलस्ते, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष लालसिंह आर्य, ओमप्रकाश धुर्वे, सहित मध्यप्रदेश के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे।

कार्यसमिति के बाद आएंगे बीएल संतोष
मप्र भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 26 नवंबर केा होने जा रही है। इससे पहले विधायक एवं संगठन के नेताओं के बीच बैठकों का दौर जारी है। इसके बाद राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष 28 नवंबर से 3 दिन के प्रदेश प्रवास पर आ रहे हैं। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री के अचानक मप्र प्रवास को लेकर भी कई अटकलें चल रही हैं। कहा जा रहा है कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद संतोष के आने की बड़ी वजह हो सकती है।

Share:

Next Post

अन्नदाता कम कीमत पर धान बेचने मजबूर

Thu Nov 25 , 2021
प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 29 नवंबर से भोपाल। शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में अभी चार दिन का समय और होने से छोटे किसान अपनी उपज समर्थन मूल्य से भी कम दाम पर बेचने विवश हैं। क्षेत्र में एक पखवाड़े से धान की कटाई जारी है। धान कटाई के बाद […]