इंदौर न्यूज़ (Indore News)

देर रात मुंबई से आने वाली फ्लाइट सुबह पहुंची इंदौर, मुंबई और इंदौर एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा

रात को इंदौर से जाने वाले यात्री सुबह हुए रवाना… रातभर एयरपोर्ट पर हुए परेशान…

इंदौर। कल रात इंडिगो की फ्लाइट से मुंबई से इंदौर आने वाले और इंदौर से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए यह फ्लाइट किसी सजा से कम नहीं थी। इंडिगो की यह फ्लाइट कल रात इंदौर आकर वापस मुंबई जानी थी, लेकिन यह फ्लाइट रात की बजाए सुबह मुंबई से इंदौर पहुंची और यात्रियों को लेकर मुंबई रवाना हुई। इसके कारण यात्रियों को मुंबई और इंदौर एयरपोर्ट पर ही रात गुजारना पड़ी। इस दौरान यात्रियों ने मुंबई और इंदौर एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा भी किया।


विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयर लाइंस की फ्लाइट (6-5084) रात 11 बजे मुंबई से रवाना होकर 12.25 बजे इंदौर पहुंचती है, वहीं रात 1 बजे यह इंदौर से मुंबई जाती है, लेकिन कल रात यह फ्लाइट मुंबई से समय पर रवाना होने के बजाए आज सुबह रवाना हुई और सुबह 6.25 बजे इंदौर पहुंची। यहां से यात्रियों को लेकर 7 बजे मुंबई रवाना हुई। बताया जा रहा है कि मुंबई एयरपोर्ट पर इंडिगो एयर लाइंस का एक विमान खराब होने के कारण इंदौर आने वाले विमान को उस विमान की जगह दूसरे सेक्टर पर भेज दिया गया था। उम्मीद थी कि खराब विमान जल्द सुधर जाएगा और उसे इंदौर भेज दिया जाएगा, लेकिन इसके विपरीत विमान पूरी रात ठीक नहीं हो पाया और सुबह एक अन्य विमान से यात्रियों को इंदौर भेजा गया।

एयरपोर्ट पर गुजारी रात, यात्रियों ने किया जमकर हंगामा

विमान के उपलब्ध ना होने के कारण मुंबई से इंदौर आने वाली और इंदौर से मुंबई जाने वाली फ्लाइट का समय पर संचालन नहीं हो पाया। इसके कारण यात्रियों को पूरी रात विमान के इंतजार में एयर लाइंस ने एयरपोर्ट पर ही रोके रखा। इससे परेशान यात्रियों ने मुंबई और इंदौर एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया। दोनों ओर फ्लाइट में 100-100 से ज्यादा यात्री थे। यात्रियों की मांग थी कि उनके लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की जाए। हंगामे के बाद एयर लाइंस और एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा यात्रियों को शांत करवाया गया। यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि एयर लाइंस ने उन्हें रात को ठहरने के लिए होटल तक की व्यवस्था नहीं की। एयर लाइंस की ओर से सिर्फ खाने-पीने की व्यवस्था की गई।

अन्य उड़ानें भी लेट

मुंबई की उड़ान के साथ ही कल दूसरी भी कई उड़ानें दो से तीन घंटे लेट रहीं। इनमें एलायंस एयर की गोवा इंदौर और ग्वालियर फ्लाइट के साथ ही इंडिगो की दिल्ली, बैंगलुरु और रायपुर की उड़ानें शामिल थीं। एयर लाइंस ने मुंबई उड़ान के लेट होने को लेकर एयरपोर्ट प्रबंधन को कोई ठोस कारण नहीं बताया है और इसे ऑपरेशनल कारणों से हुई देरी बताया है।

Share:

Next Post

मप्र में भी कांग्रेस तय करेगी 5 गारंटी

Mon Jun 12 , 2023
बिजली… नारी सम्मान के साथ 500 रुपए में गैस टंकी भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव (MP Election) में कर्नाटक (Karnataka) की तर्ज पर कांग्रेस मतदाताओं को 5 गारंटी देकर सत्ता हासिल करने का प्रयास करेगी। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने चुनाव से पहले जो 5 गारंटी लोगों को दी हैं उनमें प्रमुख रूप से महिलाओं को प्रतिमाह 1500 […]