
कल दोपहर 4 बजे 36.3 डिग्री पर पहुंचा पारा, आज सुबह 6 बजे गिरकर 17.7 डिग्री पर आया, दिन में तेज गर्मी, रात से सुबह तक ठंडक
इन्दौर। मानसून (Monsoon) की विदाई के बाद शहर (Indore) में तापमान (Temperature) में तेजी से बढ़ोतरी और गिरावट देखने को मिल रही है। दिन में जहां तेज धूप से गर्मी रिकॉर्ड बना रही है, वहीं सूरज ढलते ही रात से सुबह के बीच मौसम में ठंडक घुल रही है। इंदौर में इन दिनों तापमान का उतार-चढ़ाव इतना तेज है कि करीब 10 घंटे में पारा 18 डिग्री तक बढ़ रहा है, जबकि इसके बाद अगले 14 घंटे में करीब 18 डिग्री गिर जा रहा है। विमानतल स्थित मौसम केंद्र के तीन-तीन घंटे के वेदर ऑब्जरवेशन में तापमान के इस बदलाव की तस्वीर साफ नजर आ रही है।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल सुबह करीब 6 बजे न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके 10 घंटे बाद दोपहर करीब 4 बजे दिन का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा था। यानी महज 10 घंटों में तापमान में 18 डिग्री की बढ़त दर्ज की गई। वहीं इसके बाद आज सुबह करीब 6 बजे न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री दर्ज किया गया। यानी 14 घंटों में तापमान में 18.6 डिग्री की गिरावट आई और तापमान आधे से भी कम रह गया।
हर तीन घंटे में बढ़ और गिर रहा पारा
कल सुबह 8.30 बजे तापमान 26.6 डिग्री था। अगले तीन घंटे में यह बढ़कर 33 डिग्री हो गया और दोपहर 2.30 बजे 35.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसके बाद शाम 5.30 बजे तापमान थोड़ा कम होकर 33.2 डिग्री पर आया। शाम के बाद तापमान में गिरावट का सिलसिला तेज हुआ और रात 8.30 बजे 25 डिग्री, रात 11.30 बजे 22.4 डिग्री तथा रात 2.30 बजे 20.4 डिग्री पर पहुंच गया। आज सुबह 5.30 बजे तापमान 18.6 डिग्री और 8.30 बजे 25.4 डिग्री दर्ज हुआ। यानी सुबह 5.30 से 8.30 बजे के बीच ही पारा करीब 7 डिग्री बढ़ गया। मौसम केंद्र के इन आंकड़ों से साफ है कि दिन चढ़ने के साथ तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जबकि सूर्यास्त के बाद इसमें लगातार गिरावट आ रही है।
बादल गायब होने से तापमान में आ रहा बड़ा अंतर
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि सितंबर के आखिरी सप्ताह से ही इंदौर के आसमान से बादल गायब है। आसमान साफ होने दिन में तेज धूप का असर बढ़ रहा है और तापमान रिकार्ड बना रहा है, वहीं रात को भी बादल ना होने से गर्मी तुरंत ऊपर उठ रही है और नीचे ठंडक हो रही है। आने वाले 10 से 12 दिनों में भी तापमान में बड़ी गिरावट की कोई उम्मीद नहीं है, जिससे अक्टूबर में ठंड की कमी ही रहेगी।
तीन-तीन घंटे में ऐसे बदला तापमान
समय तापमान
कल सुबह 8.30 26.6
कल सुबह 11.30 33
कल दोपहर 2.30 35.4
कल शाम 5.30 33.2
कल रात 8.30 25
कल रात 11.30 22.4
कल रात 2.30 20.4
आज सुबह 5.30 18.6
आज सुबह 8.30 25.4
(जानकारों मौसम विभाग के अनुसार, तापमान डिग्री सेल्सियस में)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved