
जबलपुर। शहर में सीमित होती हवाई सेवाओं के बीच एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने इंडिगो के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जबलपुर से नए हवाई मार्ग शुरू करने और पहले बंद हो चुकी सेवाओं को बहाल करने की मांग रखी। बैठक में पुणे को सबसे प्राथमिकता वाले नए रूट के रूप में जोडऩे पर जोर दिया गया।
पुणे, जयपुर, अहमदाबाद और पटना को जोडऩे की मांग
इंडिगो प्रबंधन के सामने जबलपुर से पुणे, जयपुर, अहमदाबाद, चेन्नई और पटना के लिए सीधी उड़ान शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया। फेडरेशन का कहना है कि इन शहरों से हवाई संपर्क बढऩे पर व्यापारिक गतिविधियों के साथ पर्यटन, शिक्षा और रोजगार से जुड़े लोगों को भी लाभ मिलेगा।
बेंगलुरु उड़ान में बदलाव की तैयारी
इंडिगो के डायरेक्टर सेल्स प्रीतम चक्रवर्ती ने बैठक में कंपनी की प्रस्तावित योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जबलपुर-बेंगलुरु सेवा को बोइंग विमान से संचालित करने की तैयारी है। साथ ही इस रूट को चेन्नई से जोडऩे की योजना भी बनाई जा रही है। इस बदलाव के बाद जबलपुर से चेन्नई पहुंचने में लगभग पांच घंटे का समय लगने की संभावना है। इससे दक्षिण भारत के महत्वपूर्ण शहरों के साथ जबलपुर का संपर्क बेहतर हो सकता है।
आसपास के शहरों को रूट से जोडऩे का सुझाव
फेडरेशन ने एयरलाइन को सुझाव दिया कि जबलपुर से लगभग 300 से 500 किलोमीटर के दायरे में आने वाले शहरों के लिए मौजूदा उड़ानों का विस्तार किया जाए। संगठन के मुताबिक, मौजूदा रूट नेटवर्क का विस्तार कर शहर की हवाई कनेक्टिविटी को अपेक्षाकृत तेजी से बढ़ाया जा सकता है।
पायलट प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की मांग
बैठक में जबलपुर में पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा गया। फेडरेशन अध्यक्ष हिमांशु खरे ने कहा कि विमानन क्षेत्र में रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में जबलपुर में प्रशिक्षण संस्थान स्थापित होने से प्रदेश के युवाओं को एविएशन क्षेत्र में करियर बनाने के नए अवसर मिल सकते हैं। उन्होंने जबलपुर को भविष्य में पायलट प्रशिक्षण और एविएशन स्किल डेवलपमेंट के केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावना भी जताई।
व्यापार और पर्यटन को मिल सकती है नई रफ्तार
फेडरेशन के अनुसार बेहतर हवाई संपर्क से जबलपुर में निवेश की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। कारोबारियों, निवेशकों और औद्योगिक प्रतिनिधियों की आवाजाही आसान होने के साथ पर्यटन और शिक्षा क्षेत्र को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। बैठक में इंडिगो की ओर से प्रीतम चक्रवर्ती, अभिषेक शर्मा और कुंवर रावत उपस्थित रहे। फेडरेशन की ओर से हिमांशु खरे, वीरेंद्र कुमार पोरवाल, जयदेव योगेश ताम्रकार, अरुण पवार और अशोक आनंद ने हिस्सा लिया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved