img-fluid

महापौर गुरुकुल का कमाल: 5 से बढ़कर 25 हुए मेधावी विद्यार्थी

October 23, 2026

  • नगर निगम स्कूलों के मेधावी बच्चों को हवाई यात्रा का प्रोत्साहन, आज हवाई यात्रा से जाएंगे इंदौर

जबलपुर। प्रोत्साहन और बेहतर मार्गदर्शन मिले तो प्रतिभा को नई उड़ान मिल सकती है। जबलपुर नगर निगम के स्कूलों में पढऩे वाले विद्यार्थियों ने इसे साबित किया है। वर्ष 2022 में जहां 85 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों की संख्या महज पांच थी, वहीं इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर 25 पहुंच गया है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू की पहल पर शुरू किए गए महापौर गुरुकुल और नि:शुल्क कोचिंग को इस बदलाव की अहम वजह माना जा रहा है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी 23 अक्टूबर को डुमना एयरपोर्ट से हवाई यात्रा कर इंदौर के लिए रवाना होंगे।



  • महापौर ने नगर निगम स्कूलों के विद्यार्थियों से वादा किया था कि 85 प्रतिशत से अधिक अंक लाने पर उन्हें हवाई यात्रा कराई जाएगी। इस प्रोत्साहन ने विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। विद्यालयों के शिक्षकों और महापौर गुरुकुल के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतिदिन नि:शुल्क कोचिंग दी जा रही है। इसके साथ ही खेलकूद, संगीत, नृत्य और अन्य गतिविधियों में भी प्रशिक्षण दिया जाता है। पांच स्कूलों के विद्यार्थियों को मिल रहा लाभ वर्ष 2022 में महापौर पद की शपथ लेने के बाद जगत बहादुर सिंह अन्नू ने नगर निगम के पांच स्कूलों में पढऩे वाले करीब दो हजार विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने की पहल की थी। इसी उद्देश्य से मैकलसुता इंस्टीट्यूट के सहयोग से महापौर गुरुकुल की शुरुआत की गई। इसके तहत विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और विभिन्न सहशैक्षणिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नगर निगम कन्या शाला गोविंदगंज, नेताजी सुभाषचंद्र बोस उच्चतर माध्यमिक शाला तिलवाराघाट, लक्ष्मी नारायण यादव उच्चतर माध्यमिक शाला रांझी, डॉ. राजेंद्र प्रसाद उच्चतर माध्यमिक शाला गौरीघाट और कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला घमापुर में अध्ययनरत विद्यार्थियों को इस पहल का लाभ मिल रहा है।इंदौर रवाना होने से पहले महापौर ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से संवाद किया। इस दौरान निगमाध्यक्ष रिंकू विज, एमआईसी सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, रजनी कैलाश साहू, अंशुल राघवेंद्र यादव, अपर आयुक्त मनोज श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त शिवांगी महाजन सहित निगम के अधिकारी, स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे। महापौर गुरुकुल की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धा की भावना और नई संभावनाओं के प्रति उत्साह विकसित करना है।

    इंदौर भ्रमण में जानेंगे इतिहास और संस्कृति
    मेधावी विद्यार्थियों को हवाई यात्रा के साथ इंदौर के पांच सितारा होटल में ठहराने और शहर की ऐतिहासिक, आध्यात्मिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का भ्रमण कराने की योजना है। इस दौरान विद्यार्थियों को शहर की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया जाएगा, ताकि पढ़ाई के साथ उनके अनुभव और दृष्टिकोण का भी विस्तार हो सके। महापौर का कहना है कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इनमें शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान, देशभक्ति से जुड़ी गतिविधियां, पांचों स्कूलों का संयुक्त वार्षिकोत्सव और परीक्षा से पहले विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए परीक्षा पूर्व मंथन शामिल है।

    स्मार्ट क्लास और कम्प्यूटर लैब की सुविधा
    नगर निगम के पांचों स्कूलों में स्मार्ट क्लास और कम्प्यूटर लैब की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। स्मार्ट क्लास के माध्यम से एक स्कूल से दूसरे स्कूल के विद्यार्थियों को भी पढ़ाया जा सकता है। ग्रीष्मकालीन शिविर में विद्यार्थियों को तैराकी, शूटिंग, क्रिकेट और फुटबॉल जैसे खेलों का प्रशिक्षण देने के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों से भी जोड़ा जाता है।

    Share:

  • जेडीए 324 करोड़ से कराएगा विकास कार्य

    Fri Oct 23 , 2026
    31 अक्टूबर से दो दिनी प्रॉपर्टी मेला योजना क्रमांक 64-65 के लिए 312.80 करोड़ और योजना क्रमांक 31 के लिए 11.26 करोड़ मंजूर जबलपुर। शहर के सुनियोजित विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) 324 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विकास कार्य कराएगा। इनमें सड़क, सीवरेज, जल प्रदाय, […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved